{"_id":"31-25710","slug":"Udhampur-25710-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"नगर परिषद की लापरवाही पर आक्रोश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नगर परिषद की लापरवाही पर आक्रोश
Udhampur
Updated Mon, 19 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
उधमपुर। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों द्वारा नियमित तरीके से मोहल्ले में सफाई नहीं किए जाने के विरोध में रविवार को सुक्की करलाई इलाके के लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रविवार को दोपहर के समय सभी ने एकजुट होकर नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में शामिल करू राम, बाबूराम, प्रेम नाथ, गोरख सिंह, कुलभूषण कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, शिव राम, चुन्नी लाल, काका राम और अन्य कई मोहल्लेवासियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पूरा मोहल्ले गंदगी की चपेट में हैं। उन्होंने कहा नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई व्यवस्था की तरफ ध्यान न दिए जाने के कारण मोहल्ले के विभिन्न हिस्सों में गंदगी के ढेर लग चुके है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो चुका है। गंदगी बढ़ने के साथ ही मोहल्ले में बीमारियों के फैलने की भी आशंका बनती जा रही है। गंदगी के कारण बच्चों को घरों से बाहर खेलने के लिए भेजने में डर लग रहा है। उन्होंने बताया कई बार चरमराई सफाई व्यवस्था के बारे में नगर परिषद के साइनेटरी इंस्पेक्टर और अन्य कई अधिकारियों को सूचित कर चुके हैं, लेकिन इनकी तरफ से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। आज सभी ने एकजुट होकर नगर परिषद को गहरी नींद से जगाने के लिए ही प्रदर्शन किया है। अगर अब भी मोहल्ले की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो सभी नगर परिषद के कार्यालय का घेराव करके उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।
विज्ञापन