Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Srinagar News ›   Srinagar, Keran, Heritage Centre, Loc, Tourism

Srinagar News: परिंदा भी पर नहीं मार सकता था जहां, पर्यटक पहुंच रहे वहां

विज्ञापन
Srinagar, Keran, Heritage Centre, Loc, Tourism
कुपवाड़ा में एलओसी पर  केरन हेरिटेज सेंटर। संवाद
- सेना की पहल से बदली एलओसी की तस्वीर, कभी गोलियों की गूंज सुनने वाली किशनगंगा घाटी में महक रहा कश्मीरी कहवा
विज्ञापन

आबिद नबी
कुपवाड़ा। यह वही सरहद है जहां कभी बिना अनुमति परिंदा भी पर नहीं मार सकता था। बारूदी सुरंगों, कड़ी सुरक्षा और गोलियों की गूंज के साए में रहने वाली नियंत्रण रेखा से सटी वादियों में अब देश के कोने-कोने से सैलानी बेखौफ पहुंच रहे हैं। सेना और स्थानीय प्रशासन के साझा प्रयासों से बॉर्डर टूरिज्म ने इस सीमांत क्षेत्र की पूरी तस्वीर और तकदीर बदल दी है। इसी ऐतिहासिक बदलाव को नया मुकाम देते हुए केरन घाटी के फरकियान में भव्य केरन हेरिटेज सेंटर का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
रणनीतिक रूप से अति-संवेदनशील और आम नागरिकों की पहुंच से दूर रहने वाला केरन अब राष्ट्रीय गौरव, प्राकृतिक खूबसूरती और स्थानीय संस्कृति का जीवंत केंद्र बनकर देश को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। आसमान छूता तिरंगा और सैनिकों के शौर्य की गवाही देती तोप देख हेरिटेज सेंटर के परिसर में कदम रखते ही पर्यटकों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
विज्ञापन

बर्फीले पहाड़ों और घने चीड़ के जंगलों की पृष्ठभूमि में शान से लहराता विशाल राष्ट्रीय ध्वज परिसर का मुख्य आकर्षण है। यहां दो गुंबदनुमा बुर्जों वाला भव्य प्रवेश द्वार ऐतिहासिक किले की याद दिलाता है। स्मारक की दीवारों के पत्थरों पर उकेरे गए संदेश त्याग, सेवा, एकता और उच्चतर भूमि, मजबूत बंधन, एक महान भारत... यहां आने वाले हर नागरिक में देशभक्ति का जज्बा भर देते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



केरन कैफे में कहवा की चुस्की और गैलरी में सदियों का इतिहास
घाटी के विहंगम दृश्यों के बीच आधुनिक ग्लास-फसाड और पारंपरिक कश्मीरी देवदार की लकड़ी से सुसज्जित केरन कैफे सैलानियों के लिए एक नया ठिकाना बन गया है। यहां बैठकर पर्यटक किशनगंगा घाटी और उस पार के दृश्यों को निहारते हुए पारंपरिक कश्मीरी कहवा और चाय-नाश्ते का लुत्फ उठा रहे हैं। इसके साथ ही, केंद्र में बनी हेरिटेज गैलरी में केरन के सदियों पुराने इतिहास, जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और भौगोलिक विकास को दुर्लभ तस्वीरों व दस्तावेजों के जरिए संजोया गया है।


गोलियों के खौफ से रोजगार की राह तक, बदल गई तकदीर
सेना का मकसद सिर्फ सीमाओं की सुरक्षा करना ही नहीं, बल्कि अवाम और जवानों के बीच के विश्वास को मजबूत कर स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा के विकास से जोड़ना है। जहां कुछ साल पहले तक स्थानीय लोग सायरन और शेलिंग के डर में जीते थे, आज वही युवा होमस्टे, गाइडिंग, कैफे और हैंडीक्राफ्ट के जरिए आजीविका कमा रहे हैं। इस साल अब तक करीब 55 हजार पर्यटक केरन की वादियों का दीदार कर चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।




साधना टॉप से फरकियान तक बदलता परिदृश्य
घाटी के विहंगम दृश्यों के बीच ग्लास-फसाड और लकड़ी के पारंपरिक कश्मीरी इंटीरियर से सजा केरन कैफे सैलानियों का नया पसंदीदा ठिकाना बन गया है। इससे पहले सेना ने टंगधार मार्ग पर समुद्र तल से 10,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित साधना टॉप पर भी एक विशेष सांस्कृतिक म्यूजियम और कैफे की स्थापना की थी, जहां से गुजरने वाले हर पर्यटक को सीमांत संस्कृति और सेना के पराक्रम की झलक मिलती है।


सेना की मौजूदगी से गर्व महसूस होता है
सरहद पर बढ़ती सुविधाओं और सेना के दोस्ताना रुख से पर्यटक बेहद उत्साहित हैं। चंडीगढ़ से आईं पर्यटक रुमीना ने बताया, हम बचपन से सुनते थे कि इन सरहदी इलाकों में कोई आम इंसान कदम भी नहीं रख सकता। आज यहां खड़े होकर यकीन नहीं होता कि हम एलओसी के इतने करीब हैं। हालांकि सुरक्षा कारणों से ऑनलाइन मंजूरी आज भी जरूरी है लेकिन अब प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है। यहां सेना के जवान जिस तरह मुस्कुराकर पर्यटकों का स्वागत कर रहे हैं, उसने हमारा दिल जीत लिया। यहां आकर डर नहीं, बल्कि अपनी सेना पर गर्व होता है।

माहौल पूरी तरह बदल चुका है
पंजाब से पहुंचे पर्यटक सुदीप सिंह ने बताया, पहले लोग यहां आने से खौफ खाते थे लेकिन अब माहौल पूरी तरह बदल चुका है। टंगधार के साधना टॉप पर म्यूजियम देखने के बाद जब हम केरन पहुंचे और यहां हेरिटेज सेंटर व कैफे देखा तो लगा कि सरहद पर भी ऐसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकती हैं। सेना और स्थानीय प्रशासन ने जिस तरह पर्यटकों के लिए रास्ते सुगम किए हैं, वे काबिले-तारीफ है। हर भारतीय को अपनी सीमाओं की यह खूबसूरती देखने जरूर आना चाहिए। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed