Pahalgam Attack : एनआईए को जांच, लश्कर कमांडर समेत पांच और आतंकियों के घर ध्वस्त; 63 आतंकी ठिकानों पर छापे
सुरक्षाबलों ने दहशतगर्द संगठन लश्कर-ए-ताइबा के शीर्ष कमांडर शाहिद अहमद कुट्टे समेत पांच और आतंकियों के घर ध्वस्त कर दिए। दो दिन में सात आतंकियों व उनके मददगारों के घर जमींदोज हो चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी है। वहीं, सुरक्षाबलों ने दहशतगर्द संगठन लश्कर-ए-ताइबा के शीर्ष कमांडर शाहिद अहमद कुट्टे समेत पांच और आतंकियों के घर ध्वस्त कर दिए। दो दिन में सात आतंकियों व उनके मददगारों के घर जमींदोज हो चुके हैं। उधर, एनआईए की एक टीम पहले से पहलगाम में मौजूद है। अब एजेंसी स्थानीय पुलिस से केस डायरी और एफआईआर लेकर औपचारिक मुकदमा दर्ज करेगी।
हमले के बाद से पूरी कश्मीर घाटी में 63 आतंकी ठिकानों पर छापे मारे गए और 1,500 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। अकेले अनंतनाग से ही करीब 175 संदिग्ध पकड़े हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने श्रीनगर समेत कई अन्य जगहों पर भी आतंकियों व उनके समर्थकों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारकर संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर में सक्रिय 14 स्थानीय आतंकियों की सूची जारी की गई है। ये आतंकी पाकिस्तानी दहशतगर्दों को रसद व जमीनी सहायता के अलावा सुरक्षित पनाह भी मुहैया कराते हैं। इनमें तीन हिजबुल मुजाहिदीन, आठ लश्कर और तीन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं।
Attack on Terrorism: आतंक पर प्रहार, लश्कर के शीर्ष कमांडर कुट्टे समेत पांच और आतंकियों के घर मिट्टी में मिलाए
अधिकारियों ने बताया, शुक्रवार रात पुलवामा, शोपियां व कुलगाम में आतंकियों के घर ध्वस्त किए गए। पुलवामा के मुरान में अहसान उल हक शेख का घर ढहाया गया। 2018 में पाकिस्तान में प्रशिक्षण लेने वाले अहसान ने हाल में घुसपैठ की थी। शोपियां के छोटीपोरा में लश्कर के शीर्ष कमांडर शाहिद अहमद कुट्टे का घर ध्वस्त किया गया। तीन-चार वर्षों से सक्रिय कुट्टे कई वारदातों में शामिल रहा है। कुलगाम के मतलहामा में जाकिर अहमद गनी का घर भी गिरा दिया गया। गनी 2023 से सक्रिय है। दक्षिण कश्मीर के कलरूस स्थित लश्कर आतंकी फारूक तीड़वा का घर ध्वस्त कर दिया गया। शोपियां के वांदिना जैनापोरा में आतंकी अदनान शफी का घर भी ढहाया गया। एक साल से सक्रिय शफी ने एक गैर स्थानीय श्रमिक की हत्या की थी। इससे पहले, हमले के मुख्य संदिग्ध सहित दो आतंकियों आदिल ठोकर व आसिफ शेख के घर तलाशी के दौरान विस्फोटक फटने से नष्ट हो गए थे।
सुराग हासिल करने की कोशिश
सुरक्षाबलों ने घाटी में मौजूद आतंकियों व उनके समर्थकों की व्यापक तलाश और धरपकड़ शुरू की है। हिरासत में लिए संदिग्ध आतंकी संगठनों से जुड़े ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओडब्ल्यूजी) व उनके मददगार हैं। इनमें से अधिकतर दक्षिण कश्मीर के चार जिलों से हैं। सुरक्षा एजेंसियां इनसे आतंकियों के ठिकानों का पता हासिल करने की कोशिश में जुटी हैं।
- सुरक्षाबलों ने शनिवार को श्रीनगर में भी एक दर्जन से अधिक स्थानों पर छापे मारे। अनंतनाग में भी सुरक्षाबल सख्त तलाशी अभियान चला रहे हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए पूरे जिले में मोबाइल वाहन जांच चौकियां बनाई गई हैं
बड़ी साजिश नाकाम : आतंकी ठिकाना ध्वस्त, हथियार बरामद
कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त करते हुए बड़ी साजिश नाकाम कर दी। वहां से भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद हुए हैं। मुश्ताकाबाद मच्छिल के सेदोरी नाला वन क्षेत्र में ठिकाने से पांच एके-47 राइफलें, आठ एके-47 मैगजीन, एक-एक पिस्तौल व मैगजीन, एके-47 की 660 गोलियां और एम4 गोला-बारूद की 50 गोलियां शामिल हैं। पुलिस ने दावा किया कि आतंकी क्षेत्र में शांति व व्यवस्था बिगाड़ने के मकसद से गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश कर रहे थे।
पाकिस्तान ने फिर की गोलाबारी, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर सीमापार से लगातार दूसरे दिन गोलाबारी की गई। भारतीय जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। सैन्य सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात भी पाकिस्तानी सेना चौकियों से बिना उकसावे के गोलाबारी की गई। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। बढ़ते तनाव के बीच सीमावर्ती इलाकों के गांवों में लोगों ने बंकरों को साफ करना शुरू कर दिया है। महिलाओं व बच्चों को भी बताया जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर कैसे इनका इस्तेमाल कर जान बचाई जा सकती है।
- सैन्य सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर भारतीय अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए छोटे हथियारों से गोलाबारी की जा रही है। पाकिस्तानी सेना ने नौगाम सेक्टर, उरी सेक्टर, केरन और तंगधार सेक्टर में शुक्रवार देर रात फायरिंग की। इससे लोगों में डर का माहौल है। भारतीय सेना भी गोलाबारी का तगड़ा जवाब दे रही है
शाह का दिल्ली पुलिस आयुक्त को सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था का उल्लंघन न हो।
अरोड़ा ने शनिवार को शाह को राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। गृह मंत्री ने निर्देश दिए कि अप्रिय घटना रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी जाए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि दिल्ली में तय समय के बाद कोई भी पाकिस्तानी नागरिक न रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.