कश्मीर: सोपोर की छात्राओं को मिला हुनर दिखाने का मौका, सेना की पहल से सैकड़ों छात्र ने दिखाई अपनी प्रतिभा
भारतीय सेना और नेशनल बुक ट्रस्ट ने सोपोर के राजकीय डिग्री कॉलेज में महिला साहित्यिक प्रतियोगिता आयोजित की जिसमें सैकड़ों छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत किया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपने विचार खुलकर रखने का अवसर देने के लिए भारतीय सेना और नेशनल बुक ट्रस्ट ऑफ इंडिया की ओर से महिला साहित्यिक अभिव्यक्ति प्रतियोगिता आयोजित की गई। राजकीय डिग्री कॉलेज (जीडीसी) सोपोर में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इस पहल के जरिए छात्राओं को अपनी लेखन क्षमता दिखाने, विचारों का आदान-प्रदान करने और शब्दों के माध्यम से अपनी भावनाएं व दृष्टिकोण व्यक्त करने का मंच मिला। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर मोहित शर्मा आर्मी गुडविल स्कूल, सोपोर के दौरे से हुई। इसके बाद राजकीय डिग्री कॉलेज में युवाओं और कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यालय सीआईएफ (के) की चेयरपर्सन श्रीमती विशाली ने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान छात्राओं को पढ़ने-लिखने की आदत विकसित करने रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजकों का उद्देश्य छात्राओं में साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी स्वतंत्र सोच और रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि युवतियों को ऐसे अवसर मिलने चाहिए, जहां वे अपने विचारों को खुलकर रख सकें और सकारात्मक बौद्धिक चर्चा का हिस्सा बन सकें।
प्रतियोगिता में शामिल छात्रा सोबिया ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि सोपोर जैसे शहर में इस तरह के आयोजन होना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सीखने, अपने विचार व्यक्त करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। भारतीय सेना भी समय-समय पर युवाओं के लिए इस तरह की गतिविधियां आयोजित करती है, जो उनके लिए काफी प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने साहित्य और शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति उनकी बढ़ती रुचि को भी दर्शाया। भारतीय सेना और नेशनल बुक ट्रस्ट की इस संयुक्त पहल को युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और लड़कियों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़कर अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाने का अवसर देने की दिशा में एक सार्थक कदम माना जा रहा है।