Har Ghar Tiranga: श्रीनगर में तिरंगा रैली में शामिल हुए LG, बोले- यह आशाओं और सपनों का नया सवेरा
श्रीनगर में रविवार को हर घर तिरंगा उत्सव के मौके पर वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी शामिल हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मनोज सिन्हा ने कहा- 'आजादी का अमृत महोत्सव ने हमें अपने नायकों और शहीदों के अमूल्य योगदान के बारे में जागरूक करके आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करने का अवसर प्रदान किया है। हम एक महान राष्ट्र के नागरिक हैं जहां पवित्र भूमि का हर इंच प्राचीन मूल्यों, संस्कृति और परंपराओं से भरपूर है। हर क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर इतिहास रच रहा है।'
एलजी ने महात्मा गांधी को किया याद
उपराज्यपाल ने संबोधित करते हुए 8 अगस्त, 1942 को टैंक मैदान, मुंबई में दिए गए महात्मा गांधी के शब्दों को याद किया, जिसने पूरे देश में लोगों को ब्रिटिश शासन को उखाड़ फेंकने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा कि आज हमारा वॉकथॉन महात्मा गांधी के संकल्प और संघर्ष का प्रतीक है, यह हमारी सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों के वीर जवानों के त्याग और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।
वॉकथॉन के दौरान मौजूद 1971 के युद्ध के दिग्गजों को संबोधित करते हुए, उपराज्यपाल ने कहा, 'मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने जम्मू-कश्मीर की प्रगति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया है और देश को सुरक्षित रख रहे हैं। हमारे नायकों को याद करना नए विचारों को प्रज्वलित करता है और जन जागरण की भावना को फिर से जगाता है। उन्होंने आगे कहा कि यह वॉकथॉन हमारे सुरक्षाबलों, स्वतंत्रता सेनानियों को एक श्रद्धांजलि है और एक आत्मनिर्भर जम्मू-कश्मीर के निर्माण के हमारे संकल्प का भी प्रतीक है।'
उपराज्यपाल ने सभी से पूर्वजों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया, जिन्होंने स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के लिए और 2047 के सुनहरे जम्मू और कश्मीर के दायित्वों को पूरा करने के महत्वपूर्ण बलिदान दिए हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया का सबसे बड़ा जन अभियान 'हर घर तिरंगा उत्सव' शुरू किया है, जिसमें जम्मू कश्मीर सहित देशभर के लोग गवाह बन रहे हैं। जम्मू-कश्मीर हर क्षेत्र में इतिहास रच रहा है।
मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने हर घर तिरंगा वॉकथॉन के प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। डीजीपी दिलबाग सिंह ने भी सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान को बनाए रखना न केवल सुरक्षाबलों, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
इस अवसर एसएमसी मेयर जुनैद अजीम मट्टू ने कहा, तिरंगा हमेशा जम्मू कश्मीर का गौरव रहा है। उन्होंने हर घर तिरंगा और आजादी का अमृत महोत्सव की बधाई दी। वहीं, कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नीलोफर खान ने हर घर तिरंगा अभियान में केयू के छात्रों की भागीदारी के बारे में बताया। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी, जम्मू-कश्मीर केवीआईबी वाइस चेयरपर्सन डॉ. हिना शफी भट भी उपस्थित रहे।
बीएसएफ के आईजी फ्रंटियर राजा बाबू ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया और बीएसएफ के डीआईजी सचेंद्र सिंह चंदेल ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। वहीं, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आर के गोयल, संभागीय आयुक्त कश्मीर पांडुरंग के पोल, जीओसी 15 कोर के लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजला, एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार प्रशासनिक सचिवों के अलावा पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारियों समेत आमजन ने रैली में भाग लिया।
जम्मू में भी जम्मू-कश्मीर पुलिस की तरफ से तिरंगा रैली का आयोजन हुआ। रैली में उपराज्यपाल के सलाहकार आरआर भटनागर विशेष रूप से शामिल हुए। इसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ के जवानों, स्कूली बच्चों सहित स्थानीय लोगों ने बढ़चढ़ कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।