जम्मू-कश्मीर: शोपियां में लश्कर आतंकी ढेर, पुलवामा में जैश मॉड्यूल का भंडाफोड, 3 मददगार गिरफ्तार
शोपियां के तुर्कवानगाम में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर वीरवार रात तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान छिपे आतंकियों की फायरिंग से मुठभेड़ शुरू हो गई। उधर पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन मददगारों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के शोपियां में रातभर चली मुठभेड़ में लश्कर-ए-ताइबा के एक आतंकी को मार गिराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली। वहीं, पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन मददगारों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। आईजी कश्मीर विजय कुमार ने आतंक के मोर्चे पर इस कामयाबी के लिए सुरक्षा बलों को बधाई दी है।
पुलिस ने बताया कि शोपियां के तुर्कवानगाम में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर वीरवार रात तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान छिपे आतंकियों की फायरिंग से मुठभेड़ शुरू हो गई। हालांकि, आतंकियों को समर्पण करने का भरपूर मौका दिया गया, लेकिन वे नहीं माने और सुरक्षा बलों पर लगातार फायरिंग करते रहे।
रातभर चली मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराने में सफलता मिली। इसकी शिनाख्त शोपियां के टाक मोहल्ला निवासी मुनीब अहमद शेख के रूप में हुई है। वह लश्कर के लिए काम कर रहा था। पुलिस ने बताया कि वह सुरक्षा बलों पर आतंकी हमलों तथा नागरिकों के उत्पीड़न की कई घटनाओं में शामिल था।
- Prasar Bharati News Services (@pbns_india) 1 Apr 2022
उसके पास से चीनी पिस्टल, मैगजीन तथा पांच गोलियां बरामद हुई हैं। वह जनवरी से लापता था। वहीं, पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के तीन मददगारों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलवामा पुलिस, 55 राष्ट्रीय राइफल्स तथा 182-183 बटालियन सीआरपीएफ ने अभियान चलाकर मददगारों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों मददगार जिले में सक्रिय आतंकियों को रहने-खाने का इंतजाम कराते थे। साथ ही उनके आने जाने के प्रबंध समेत अन्य प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराते थे। उनके पास से एक एके 47 राइफल, तीन मैगजीन व 69 गोलियां बरामद की गईं।
पुलिस ने बताया कि पकडे़ गए तीनों मददगारों की शिनाख्त जंडवाल के ओवैस अल्ताफ, गुडूरा के आकिब मंजूर व करीमाबाद के वसीम अहमद पंडित के रूप में हुई है। पकड़े गए मददगारों से पूछताछ की जा रही है।