कश्मीरी कलाकारी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दिया नायाब वॉल आर्ट गिफ्ट, पेटेंट करवाया, ऐसे हुआ तैयार
ज्योमेट्री पैटर्न वाली इस प्लेट का पहले डिजिटल डिजाइन बनाया गया और फिर इसका पेटेंट हासिल किया गया ताकि कोई दूसरा इसकी नकल न करे। इसकी डिजाइनिंग को ट्रेडिशनल से मॉडर्न कंटेम्पररी लुक दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को कश्मीर की पारम्परिक कलाकारी से तैयार बेशकीमती वॉल आर्ट तोहफे के तौर पर दी गई। कश्मीरी कारीगरों के हाथों बना तोहफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दिए जाने से स्थानीय कारीगर खुश हैं। उनका कहना है कि इससे कला को नई जिंदगी मिलती है। अब उनकी कला महामहिम के आवास की सुंदरात को बढ़ाएगी।
आर्ट एक्सेस के फहीम कादरी ने बताया कि एलजी कार्यालय के अधिकारियों को जी 20 के समय उनका काम पसंद आया था और अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे से पहले उन्होंने हमसे कुछ ऐसा बनाने को कहा जो नायाब हो। फहीम ने बताया कि राष्ट्रपति को तोहफे में सौंपी गई वॉल आर्ट कई चीजों से बनी है।
इसमें अखरोट की लकड़ी की अंदरूनी प्लेट है, उसमें पेपरमाशी की गई और बाद में उसे पाइन वुड के फ्रेम में सजाया गया। उन्होंने कहा कि जब हमारी कलाकृति को ऐसी किसी शख्सियत को दिया जाता है, तो गर्व होता है। इसे बड़ी मेहनत से बनाया गया।
ज्योमेट्री पैटर्न वाली इस प्लेट का पहले डिजिटल डिजाइन बनाया गया और फिर इसका पेटेंट हासिल किया गया ताकि कोई दूसरा इसकी नकल न करे। इसकी डिजाइनिंग को ट्रेडिशनल से मॉडर्न कंटेम्पररी लुक दिया गया है। चार कारीगरों ने इसे अपनी कला से नवाजा है।
अमरीका के राष्ट्रपति की पत्नी के लिए भी बना चुके हैं तोहफा
कारीगरों में से एक आलमगीरी बाजार के नजीर अहमद ने बताया कि उन्होंने इस पर पेपरमाशी की कला को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा, 'मैं तकरीबन 35 साल से पेपरमाशी की कारीगरी कर रहा हूं। पिता के देहांत के बाद घर की माली हालत खराब होने के कारण मैंने पूरी तरह से इस कारीगरी को पेशे के तौर पर अपनाया। इस कारीगरी के चलते मैं आधे से ज्यादा दुनिया घूम चुका हूं और कई अवार्ड्स से भी मुझे नवाजा जा चुका है।'
आगे कहा कि इस कलाकृति को बनाने में हमें करीब एक सप्ताह लगा। समय इसलिए लगता है क्योंकि डिजाइन के सूखने का इंतजार करना पड़ता है और फिर दोबारा काम शुरू करना पड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमरीका के राष्ट्रपति की पत्नी को जो पेपरमाशी का बॉक्स गिफ्ट किया गया था, वो भी उनके द्वारा ही बनाया गया था।