Anantnag : आतंकियों से मुठभेड़ में कर्नल व मेजर समेत तीन बलिदान, दो जवान लापता, डीएसपी का अंतिम संस्कार
राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग कर्नल, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी समेत तीन अफसर अनंतनाग मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर व जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपाधीक्षक बलिदान हो गए। दो जवान लापता हैं। सुरक्षाबलों ने पूरा इलाका घेर रखा है और ऑपरेशन जारी है। सेना पदक विजेता कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष डी व पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट मुठभेड़ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वारदात की जिम्मेदारी लश्कर-ए-ताइबा के सहयोगी प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है। बाद में शहीद DSP हुमायूं मुजम्मिल भट का बडगाम में अंतिम संस्कार किया गया।
#WATCH | Jammu and Kashmir: Last rites of DSP of J&K Police Humayun Muzammil Bhat, who lost his life in the Anantnag encounter, performed in Budgam. pic.twitter.com/xwN04vK057
विज्ञापन
— ANI (@ANI) September 13, 2023
सैन्य अधिकारियों ने बताया, कोकरनाग के गडूल जंगल में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद मंगलवार शाम को 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। रात में अभियान बंद करने के बाद बुधवार सुबह आतंकियों की तलाश फिर से शुरू की गई। इस दौरान एक ठिकाने पर दहशतगर्दों के होने की सूचना मिली तो 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग अफसर कर्नल मनप्रीत ने टीम का नेतृत्व करते हुए आतंकियों पर हमला बोला।
आतंकियों की गई फायरिंग में कर्नल मनप्रीत, मेजर आशीष और डीएसपी हुमायूं गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया, हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका। उधर, घायल जवानों को निकालने और आतंकियों का पता लगाने के लिए सेना के तीन चीता हेलिकॉप्टरों को भी लगाया गया है।
सेवानिवृत्त आईजी के बेटे थे भट, दो माह की बेटी
अधिकारियों ने बताया कि डीएसपी हुमायूं भट जम्मू-कश्मीर पुलिस के रिटायर आईजी गुलाम हसन भट के बेटे थे। दो महीने पहले ही उनकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया है। भट की अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मृत्यु हो गई।
राइफलमैन रवि कुमार एक दिन पहले हुए थे बलिदान
राजोरी के नारला इलाके में आतंकियों से मुठभेड़ में मंगलवार को भी राइफलमैन रवि कुमार बलिदान हुए थे। वह सेना की 63 आरआर यूनिट में तैनात थे। मुठभेड़ में सेना ने मंगलवार के बाद बुधवार को भी एक आतंकी को मार गिराया। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में गोला बारूद और पाकिस्तान की बनी दवाएं मिली हैं। रवि का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को उनके गांव में होना है।
चार अगस्त के हमले में शामिल आतंकियों का हो सकता है हाथ
अफसरों का मानना है कि 4 अगस्त को कुलगाम के हालन जंगलों में सेना की टीम पर हमला करने वाले आतंकियों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। तब तीन जवान बलिदान हो गए थे।
- कश्मीर में सेना की कमान संभालने वाली 15वीं कोर (चिनार कोर) के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, डीजीपी दिलबाग सिंह व एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
आतंकवादियों की हलचल की सूचना पर शुरू किया था ऑपरेशन
गडोले इलाके में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन मंगलवार शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आज सुबह आतंकवादियों की तलाश तब फिर से शुरू हुई जब सूचना मिलने लगी कि उन्हें एक ठिकाने पर देखा गया है। कर्नल सिंह ने आगे से अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए आतंकियों पर हमला बोल दिया। हालांकि, आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजोरी में दो आतंकियों को मार गिराया
इससे पहले जम्मू संभाग के राजोरी जिले में मंगलवार शाम आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ हुई। इसमें दो आतंकियों को मार गिराया गया है। राजोरी एनकाउंटर को लेकर एडीजीपी जम्मू मुकेश सिंह ने बताया कि दूसरे आतंकी को बुधवार को ढेर कर दिया गया है। मंगलवार शाम को शुरू हुई मुठभेड़ में एक आतंकी को मारा गया था। इसके बाद देर रात को गोलीबारी रुक गई थी। बुधवार सुबह एक बार फिर ऑपरेशन शुरू हुआ, जिसमें सुरक्षाबलों को सफलता मिली है। हालांकि, मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी शहीद हुआ है। इसके अलावा एक पुलिस एसपीओ सहित तीन घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें- J&K: राजोरी मुठभेड़ में दूसरा आतंकी भी ढेर, जवान रवि कुमार शहीद, गोली लगने से लैब्राडोर डॉग केंट की गई जान
राजोरी मुठभेड़ के दौरान एक सैनिक की जान बचाते हुए छह वर्षीय सेना के डॉग केंट शहीद हो गया। इससे पहले वह नौ ऑपरेशनों में भाग ले चुका था। केंद्र शासित प्रदेश के राजोरी जिले में अपने हैंडलर को बचाने की कोशिश में मंगलवार को 21वीं सेना की डॉग यूनिट में शामिल केंट ने जान गवां दी। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि केंट भाग रहे आतंकवादियों का पीछा कर रहे सैनिकों की एक टुकड़ी का नेतृत्व कर रहा था। हमारे केंट ने अपने हैंडलर को बचाने के लिए अपनी जान दे दी। उसने सबसे पहले आगे बढ़कर आतंकवादी पर हमला किया।
खड़गे, राहुल गांधी ने किया शोक व्यक्त
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेता राहुल गांधी ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में दो सेना अधिकारियों और एक पुलिस उपाधीक्षक की मौत पर दुख व्यक्त किया है। खड़गे ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। वहीं, राहुल गांधी ने फेसबुक पर कहा कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में एक आतंकवादी मुठभेड़ में हमारी सेना के दो अधिकारियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी की मौत की खबर बेहद दुखद है।