Kashmir Snowfall: बर्फबारी के चलते श्रीनगर एयरपोर्ट की सभी उड़ानें रद्द, फर्जी टिकटों के साथ चार गिरफ्तार
श्रीनगर हवाईअड्डे के निदेशक जावेद अंजुम ने बताया कि खराब मौसम के कारण आज के लिए निर्धारित सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
विस्तार
ताजा बर्फबारी और खराब मौसम के कारण श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार होने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। श्रीनगर हवाईअड्डे के निदेशक जावेद अंजुम ने बताया कि खराब मौसम के कारण आज के लिए निर्धारित सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
इस बीच, भारी बर्फबारी के मद्देनजर घाटी में सुबह से सात ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। कश्मीर घाटी में कल देर रात से ताजा बर्फबारी हुई, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, साथ ही सतह और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर फर्जी टिकटों के साथ 4 गिरफ्तार
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को फर्जी टिकटों के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी स्थानीय निवासी हैं। चारों आरोपियों को अगली जांच के लिए संबंधित पुलिस थाने के हवाले कर दिया गया है। इनकी पहचान मोहम्मद अशरफ शेख, जुनैद अहमद भट, आकिब मुश्ताक और साकिर मुश्ताक सभी निवासी श्रीनगर के रूप में हुई है। इन सभी ने जाली टिकटों का उपयोग कर श्रीनगर हवाई अड्डे में प्रवेश किया था। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि इस कृत्य के पीछे आरोपियों का मकसद अपने माता-पिता को हवाई अड्डे पर विदा करना था, जो उमरा के लिए जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। संवाद