राजोरी। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों और पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। वीरवार को जीएमसी में भर्ती पुलिस के सब इंस्पेक्टर और 32 वर्षीय युवक सहित तीन और लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है जबकि 158 नए मामले जिले भर में सामने आए हैं।
थन्नामंडी तहसील के खबलां निवासी पुलिस के सब इंस्पेक्टर हाफ़िज उल्ला रहमान को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद करीब 9 दिन पहले जीएमसी राजोरी में भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया था। वीरवार सुबह उन्होंने कोरोना के चलते दम तोड़ दिया। सब इंस्पेक्टर की थन्नामंडी के शाहदरा शरीफ स्थित पुलिस चेकपोस्ट पर ड्यूटी थी। कोटरंका तहसील के सोकर निवासी 32 वर्षीय युवक और सुंदरबनी निवासी 80 वर्षीय महिला ने वीरवार को उपचार के दौरान जीएमसी में दम तोड़ दिया। डीसी राजेश कुमार शवण के आदेश पर तीनों का अंतिम संस्कार कोविड-19 एसओपी का पालन करके कर दिया गया। वीरवार को कोरोना पॉजिटिव 158 नए मामले भी सामने आए हैं। एडीसी ठाकुर शेर सिंह ने बताया कि सुंदरबनी स्वास्थ्य विभाग से 29, कालाकोट से 20, राजोरी से 44, दरहाल ब्लॉक से 33, नौशेरा ब्लॉक से 27 और कंडी से 5 लोगों को संक्रमित पाया गया। एडीसी ने बताया कि पॉजिटिव मिलने वालों जगहों पर सैंपलिंग का सिलसिला जारी है। कई और इलाकों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। डीसी ने बताया कि नौशेरा के किला दरहाल, मंजाकोट के गंभीर मुगला, गलहुति, सरोला, राजोरी के धनोर गोरसीय, थन्नामंडी के भाटिया और आजमताबाद को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया।