राजोेरी। जिला विकास परिषद अध्यक्ष चौधरी नसीम लियाकत ने बुधवार को उपायुक्त विकास कुंडल की उपस्थिति में गुज्जर मंडी स्थित अलटरनेट अब्दुल्ला पुल का उद्घाटन किया। इसके बनने से नगर के लोगाें का यातायात काफी सुगम हो जाएगा। 720 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ 120 मीटर लंबा पुल गुज्जर मंडी के साथ-साथ दरहाल, थन्नामंडी, जीएमसी आदि को पुराने बस स्टैंड और मुख्य बाजार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लिंक प्रदान करता है।
पुल के पूरा होने से नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया गया है। क्योंकि इससे शहर में यातायात की भीड़ कम होगी और पहले बनाए गए अब्दुल्ला पुल पर घंटों लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इस परियोजना को पूरा करने और इसे जनता के लिए खोलने के लिए प्रशासन को धन्यवाद दिया। डीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि सरकार यात्रियों को लाभ पहुंचाने के लिए कनेक्टिविटी के मामले में आम जनता को सर्वोत्तम संभव राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपायुक्त विकास कुंडल ने कहा कि पुल राजोेरी शहर में यातायात जाम को कम करने में मदद करेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रधान एवं पार्षद राजेश गुप्ता ने कहा कि इस पुल के बनने से पहले अक्सर घंटों-घंटों लंबा जाम लगा रहता था। खासकर स्कूल में छुट्टी के समय बच्चों की बसें कई घंटे जाम में फंसी रहती थीं, लेकिन पुल के बन जाने से जाम से निजात मिलेगी और खासकर स्कूली बच्चे समय पर घर और स्कूल पहुंच पाएंगे।