राजोरी। कोरोना को कम्युनिटी स्प्रेड से रोकने के लिए लगाए गए वीकेंड कोरोना कर्फ्यू का असर राजोरी में रविवार को दूसरे दिन भी देखने को मिला। जिले भर में दूसरे दिन भी लॉकडाउन को सख्ती के साथ लागू किया गया। बाजार में सुबह केवल फल, सब्जी, दूध और दवाई की दुकानों को ही खोलने की अनुमति मिली और दिन को दवा की दुकानें खुली रहीं।
पुलिस ने रविवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में नाके लगा कर रखे। बाजार की सड़कों पर सुबह से शाम तक वीरानी छाई रही। वीकेंड कोरोना कर्फ्यू हर शुक्रवार की रात को शुरू होता है और सोमवार सुबह तक लागू रहता है। शुक्रवार रात आठ बजे वीकेंड कर्फ्यू शुरू होने के बाद पुलिस ने शहर में पाबंदियां लगा दी थीं। शनिवार को और फिर रविवार को सुबह बाजार में केवल उक्त दुकानों को खोलने की अनुमति मिली। सुबह के समय दूध लेने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। दस बजे दूध की दुकानों को बंद करा दिया गया। सुबह 11 बजे के बाद बाजार में कम संख्या में ही लोग नजर आए। पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नाके लगा कर रखे थे। जो भी बिना किसी कारण के बाजार में घूमता नजर आया तो उसको रोक कर बाहर निकलने कारण पूछा गया। जो लोग बिना किसी कारण के बाहर निकले तो उनको सख्त कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। दोपहर 4 बजे दवाई की दुकानें भी बंद हो गई और फिर बाजार में पूरी तरह से वीरानी छा गई।