जम्मू-कश्मीर: पुंछ के ऑपरेशनल ठिकानों पर पहुंचे व्हाइट नाइट कोर के जीओसी, सुरक्षा हालात की ली जानकारी
पुंछ के सुरनकोट में व्हाइट नाइट कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा ने ऑपरेशनल ठिकानों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति और आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने पीर पंजाल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए मजबूत खुफिया नेटवर्क और सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
विस्तार
व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा ने मंगलवार को पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में ऑपरेशनल ठिकानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा की।
जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि कोर कमांडर को पीर पंजाल रेंज में दबदबा बनाए रखने, मजबूत संयुक्त खुफिया नेटवर्क और सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी गई।इस दौरान रोमियो फोर्स के जीओसी भी लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा के साथ मौजूद रहे। रोमियो फोर्स पुंछ और राजोरी समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए जिम्मेदार सेना की प्रमुख इकाइयों में से एक है। ब्यूरो
एजेंसियों के बीच समन्वय पर दिया जोर
पोस्ट के मुताबिक, जीओसी ने अभियान में शामिल सभी कर्मियों के पेशेवर रवैये और अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद आतंकवादियों को किसी भी तरह का ऑपरेशनल अवसर नहीं देने के लिए लगातार चलाए जा रहे अभियानों की भी प्रशंसा की।
लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आतंकवाद विरोधी अभियानों को प्रभावी ढंग से जारी रखने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय पर जोर दिया।