{"_id":"fdd39af0065a8f5aca253f7d11aafccf","slug":"police-lathicharge-during-jammu-closure","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ के बाद राजोरी में कर्फ्यू, सेना सतर्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ के बाद राजोरी में कर्फ्यू, सेना सतर्क
जम्मू/किश्तवाड़/ब्यूरो
Updated Sun, 11 Aug 2013 08:09 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर में किश्तवाड़ के बाद हालात बिगड़ने पर शनिवार देर रात राजोरी में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है। राजोरी जिला मुख्यालय से तोड़फोड़ और आगजनी की भी सूचनाएं मिल रही हैं। सेना से तैयार रहने के लिए कहा गया है।
विज्ञापन
किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के पाडर इलाके के किजाई में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में चार लोगों के गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर है। जम्मू में भी देर रात तक जारी झड़पों से हालात तनावपूर्ण हो गए हैं।
विज्ञापन
उधर कश्मीर के बिजबिहाड़ा में हिंसक झड़प में दो लोग घायल हो गए जबकि जम्मू में पुलिस अफसरों समेत दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। भाजपा और अन्य संगठनों ने बंद की अवधि दो दिन और बढ़ाकर रविवार और सोमवार को भी बंद का आह्वान किया है।
विज्ञापन
किश्तवाड़ दंगे से गुस्साए लोगों ने शनिवार को जम्मू संभाग मुकम्मल बंद रखा। यहां बेमुद्दत कर्फ्यू जारी है। शुक्रवार को दंगे में मारे गए दोनों लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। अमरनाथ और मचेल यात्राओं को फिलहाल रोक दिया गया है।
लखनपुर से बनिहाल और काजीगुंड से बारामुला तक तक बंद का व्यापक असर देखा गया। किश्तवाड़ हिंसा के विरोध और गृह राज्य मंत्री किचलू के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जगह-जगह जुलूस निकालकर पुतले जलाए गए।
बंद के दौरान कश्मीर के बिजबिहाड़ा में हुई हिंसा में दो लोग घायल हो गए। यहां प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किया गया। बंद की वजह से अमरनाथ, बुड्ढा अमरनाथ और वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक हजार से अधिक वाहन राजमार्ग पर अटके रहे। जम्मू शहर के कुछ इलाकों में बंद समर्थकों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं। इसमें दो दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए हैं।
रविवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली किश्तवाड़ जाने के लिए जम्मू आ रहे हैं।
संभाग के जम्मू, कठुआ, सांबा, राजोरी, पुंछ, डोडा, रियासी, कटड़ा, रामबन और उधमपुर जिलों में सभी बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
जम्मू संभाग में बंद का आह्वान प्रदेश भाजपा, हिंदू, व्यापारिक, बार एसोसिएशन जम्मू, सामाजिक, एसडीपी, जेकेडीएफ आदि संगठनों ने किया था। कश्मीर में बंद की काल अलगाववादी संगठनों ने दी थी।
नेशनल हाईवे पर यातायात रोक कर विभिन्न संगठनों ने सरकार के खिलाफ रोष जताया। इस बीच ट्रेनों को भी रोकने का प्रयास किया गया। राजोरी में स्वास्थ्य मंत्री शब्बीर खान का पोस्टर जलाया। साथ ही हिंसा के लिए गृह राज्य मंत्री किचलू को जिम्मेदार ठहराते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
दंगे की आग पाडर पहुंची, दो के मरने की अफवाह
किश्तवाड़ में दंगे के दूसरे दिन शनिवार को जिले के दूर दराज इलाके पाडर में तनाव कायम हो गया। दो समुदायों के बीच हुई झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट करने के लिए हेलीकाप्टर भेजा गया लेकिन उसे वापस लौटना पड़ा।
इस घटना में दो लोगों के मारे जाने की देर शाम तक चर्चा रही, लेकिन मंडलायुक्त शांत मनु और आईजी राजेश कुमार ने इसे कोरी अफवाह करार दिया। मंडलायुक्त ने बताया कि घायलों को अब एंबुलेंस के जरिये शिफ्ट किया गया है।
कोई मंत्री नहीं पहुंचा
किश्तवाड़ के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए शनिवार को भी रियासत का कोई मंत्री मौके पर नहीं पहुंचा। मुख्यमंत्री श्रीनगर में व्यस्त थे। उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जम्मू में विभिन्न दलों और संगठनों की बैठक कर ली थी। बाकी वजीरों को भी फुरसत नहीं मिली।