{"_id":"5712944c4f1c1bb86e4a6d47","slug":"water-problem-in-kathua","type":"story","status":"publish","title_hn":"पेयजल समस्या से परेशान लोग, प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पेयजल समस्या से परेशान लोग, प्रदर्शन
ब्यूरो,अमर उजाला/कठुआ
Updated Sun, 17 Apr 2016 01:06 AM IST
विज्ञापन
water
- फोटो : अमर उजाला
पिछले तीन वर्षों से लगातार पेयजल संकट से परेशान करडोह के ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को पेयजल विभाग के खिलाफ भड़क गया। गुस्साए लोगों ने पीएचई विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर लोगों की समस्याओं की अनदेखी करने व लोगों की परेशानियां बढ़ाने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए सरपंच पंजाब सिंह और पुष्पा देवी ने कहा कि गांव में तीन से चार हजार की आबादी है, लेकिन पिछले तीन वर्षों से लगातार पानी की किल्लत बनी हुई हैं। ट्रांसफार्मर की कम क्षमता के कारण पानी सप्लाई सही तरीके से नहीं हो पा रही है। जिसके कारण लोगों के लिए अकसर यह किल्लत बनी रहती है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि करडोह खड्ड में पंपिंग स्टेशन में तीन मोटर लगी हैं। एक मोटर जमीन से पानी निकालने वाली हैं जबकि दो अन्य मोटरों को पानी लिफ्ट करने के लिए इस्तेमाल में लाया जाता है। उन्होंने कहा कि तीनों मोटर चलाने के लिए मात्र 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। अधिक लोड के कारण एक साथ तीन मोटर नहीं चलाई जा सकती हैं। जिसके कारण पेयजल संकट बना हुआ है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि विभाग से मांग की गई थी कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए और पाइपों को बदला जाए, तो लोगों की समस्या का समाधान हो सकता है। बावजूद इसके विभाग ने आज तक इस मामले को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि समस्या इतनी ही नहीं है, पानी की सप्लाई के लिए पाइप तीन इंच की है। जिसके कारण रेजरवायर भरने में समस्या आती है और लोगों तक पानी पहुंचाना मुश्किल होता है। वहीं, उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों से अपील है कि लोगों की समस्याओं का समय रहते समाधान करें नहीं तो आंदोलन को उग्र करने को मजबूर हो जाएंगे। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों में अजीत सिंह, मेजर सिंह, कमलेश देवी, ज्योति देवी, अनीता देवी सहित कई अन्य भी शामिल थे। a