बिलावर। सरकार की ओर से शुक्रवार दोपहर दो बजे से शुरू हुए लॉकडाउन का फिंतर चौक पर सैकड़ों दुकानदारों ने विरोध किया। सामाजिक कार्यकर्ता संजीत शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों दुकानदारों ने चौक पर एकत्रित होकर जिला उपायुक्त कठुआ मुर्दाबाद के नारे लगाए। दुकानदारों ने कहा के सरकार का तानाशाह रवैया लगातार जारी है। इससे दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से चलाई गई तानाशाही नहीं चलेगी और वह सरकार के इस आदेश का विरोध करते हैं।
दुकानदार रमेश कुमार ने कहा के त्योहारों और विवाह उत्सव का सीजन इन दिनों चल रहा है। कई लोगों के घरों में अगले दो दिनों तक विवाह उत्सव आयोजित किए गए हैं। ऐसे में बंदी से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सरकार दुकानदारों की सहमति के बिना आए दिन उन पर आदेश थोपती रहती है, जो उन्हें मंजूर नहीं है। सैकड़ों दुकानदारों के चौक पर एकत्रित हो जाने के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई और चौक पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर तहसीलदार बिलावर पंकज शर्मा मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को आश्वासन दिया कि वे उच्च अधिकारियों के संज्ञान में दुकानदारों के मसले को लाएंगे। तहसीलदार के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी लौट गए। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे सड़क पर यातायात बाधित रहा। प्रदर्शन में दुकानदार रमेश कुमार, सुरेश पुरोहित, खुर्शीद लोन, विजय वर्मा, रमेश वर्मा सहित सैकड़ों दुकानदार मौजूद रहे।