बिलावर। नगर कमेटी बिलावर की ओर से मुख्य बाजार में पॉलिथीन का उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सोमवार को कार्यवाही की गई। कार्यकारी अधिकारी मंजूर अहमद लोन के निर्देश पर नगर कमेटी की टीम ने बिलावर कस्बे के मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों के पास से पॉलिथीन जप्त किए और जुर्माना वसूला।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार पॉलिथीन का धड़ल्ले से प्रयोग कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि मुख्य बाजार में छापेमारी के दौरान अलग-अलग दुकानदारों से 3 किलो पॉलिथीन जप्त किए गए हैं और जुर्माना वसूला गया है। नगर कमेटी की टीम ने दुकानदारों को पॉलिथीन का प्रयोग न करने की अपील की। इस अवसर पर नगर कमेटी के दर्शन कुमार, रमेश चंद्र, दीप सिंह, पूर्णचंद, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।