कठुआ। हड़ताल पर बैठे जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने सरकार से उनकी वर्षों से लंबित मांगों को जल्द पूरा किए जाने की मांग दोहराई है। शनिवार को आल जेएंडके पीएचई आईटीआई ट्रेंड, सीपी वर्कर्स एंड लैंड डोनर्स एसोसिएशन के बैनर तले अस्थायी कर्मचारियों ने विभाग के कठुआ स्थित कार्यकारी अभियंता कार्यालय के समक्ष जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से उनकी मांगों को पूरा किए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे एसोसिएशन के जिला प्रधान शिव नारायण सिंह ने कहा कि विभाग में वर्षों से सेवा दे रहे अस्थायी कर्मचारियों को न तो उनका बकाया वेतन दिया जा रहा है और न ही उन्हें नियमित करने के लिए सरकार कोई नीति बना रही है। जिसके कारण दो दशक से ज्यादा सेवा देने वाले कर्मचारियों के भी हाथ खाली है। जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि अब जलशक्ति विभाग में सेवा देने वाले हजारों अस्थायी कर्मचारियों को भी देश के अन्य केंद्र शासित प्रदेशों की तरह ही कम से कम न्यूनतम वेतन मिलेगा लेकिन ऐसा कुछ भी नही हुआ है। प्रदर्शन में नरिंदर सिंह, राम गोपाल, धर्मपाल, राज कुमार, मोहम्मद साबिर, जितेंद्र शर्मा, रोमी शर्मा, सुरजीत सिंह, जगदीश सिंह, पूर्ण चंद, वीरेंद्र सिंह, बलबीर कुमार, बिट्टू कुमार आदि कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।