कठुआ। शहर से सटे औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट इकाइयों और नए ग्राइंडिंग यूनिट के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए क्षेत्र के लोगों ने वीरवार को जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे जाम कर दिया। तारानगर के लोगों ने लगभग दो घंटे तक हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। वहीं, जिला प्रशासन के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण विभाग, जिला औद्योगिक केंद्र के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जबरन ग्राइंडिंग इकाई को इलाके में नहीं लगने दिया जाएगा। इस दौरान जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
वहीं, मौके पर पहुंचे एडीसी कठुआ घनश्याम सिंह ने लोगों को आश्वासन देकर हाईवे पर यातायात बहाल करवाया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजेश मेहता ने बताया कि रेड कैटेगरी के यूनिट से दस हजार से ज्यादा लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ना तय है। त्वचा, श्वास के साथ-साथ हृदय रोग होने की भी आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन सभी इकाईयों के खिलाफ नहीं है और एक ग्राइंडिंग यूनिट के खिलाफ ही है, जिसे हटाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी और यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो कठुुआ बंद करने के साथ ही आत्मदाह की भी चेतावनी जारी की है।