कठुआ। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सोमवार को होने वाले मतदान के लिए तैनात किए गए कर्मचारियों को मतपेटियों और अन्य समान को सुरक्षा कर्मियों के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। डीसी आफिस से रवाना होने से पूर्व कर्मचारी एवं सुरक्षाकर्मी मतदान हेतु सामग्री लेने में जुटे रहे।
इस संबंध में जिला चुनाव अधिकारी संदीप सियोंत्रा ने बताया कि जिला में होने वाले चुनाव के लिए कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 5 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 7 अन्य मतदान केंद्र संवेदनशील है। निष्पक्ष मतदान के लिए सभी 14 मतदान केंद्रों पर में पर्याप्त सुरक्षा के प्रबंध किए गए है। इस दौरान अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों में जम्मू कश्मीर पुलिस के 8 जवान, 2 महिला पुलिसकर्मी के साथ सीआरपीएफ की आधी सेक्शन तैनात की गई है। जबकि संवेदनशीन मतदान केंद्रों में जम्मू कश्मीर पुलिस के 6 जवान, एक महिला पुलिसकर्मी के साथ सीआरपीएफ की आधी सेक्शन तैनात की गई है। वहीं, दो सामान्य मतदान केंद्रों में जम्मू कश्मीर पुलिस के 4 जवान, 1 महिला पुलिसकर्मी के साथ सीआरपीएफ की आधी सेक्शन तैनात की गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को पुख्ता बनाने रखने के लिए इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों के बाहर भी पुलिस की तैनात रहेगी। इसके अलावा मतदान 7 एआरओ, 14 प्रोसाइडिंग ऑफिसर के साथ 28 पोलिंग ऑफिसर मतदान करवाने के लिए तैनात किए गए है। जिनकी देखरेख की जिम्मेदारी के लिए 17 जोनल अधिकारी मौजूद रहेंगे। सुबह 7 बजे शुरू होने वाली मतदान की प्रक्रिया दोपहर 1 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान कुल 5 हजार 73 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।