बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड 12 मोहल्ला मन्हास को जोड़ने वाली सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण इन दिनों सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय कैप्टन ओंकार सिंह, अमर सिंह, दीवान सिंह, धर्म सिंह, विक्रम सिंह, पूर्ण सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि कई वर्ष पूर्व मन्हास मोहल्ले के लिए सड़क का निर्माण किया गया था लेकिन करीब 20 वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क पर कंकर नहीं बिछाए गए हैं। इससे सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है।
मोहल्ला मन्हास से हो कर यह सड़क गढ़ गांव और अन्य कई गांवों को अपने साथ जोड़ती है। हर दिन इस सड़क पर कई लोग पैदल रास्ते होकर बिलावर उपमंडल मुख्यालय पहुंचते हैं। लोगों ने बताया कि कई बार सरकार से सड़क की मरम्मत करने की मांग कर चुके हैं और सड़क पर पानी की निकासी के इंतजाम करने की मांग भी कई बार की है, लेकिन सरकार की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इससे लोग मजबूरन कीचड़ वाले रास्ते से होकर गुजरने को मजबूर हैं। इसी रास्ते से होकर सैकड़ों लोग बिलावर की तरफ आते-जाते हैं, जिन्हें सड़क पर मौजूदा समय में कीचड़ के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द मोहल्ला मन्हास से होकर जाने वाली सड़क की मरम्मत की जाए और सड़क पर कंकर और तारकोल बिछाई जाए ।