बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड 4 और 5 मडूईं की निवासियों ने उनके वार्ड से मात्र 200 मीटर की दूरी पर शुरू किए गए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के कार्य का विरोध किया। रविवार को स्थानीय लोग नवनिर्मित प्रोजेक्ट की इमारत के पास एकत्रित हो गए, जिसके बाद लोगों ने नगर कमेटी के इस फैसले का विरोध किया। प्रदर्शनकारी सेवानिवृत्त सूबेदार शुवकुमार शर्मा, रवि कांत, रॉकी शर्मा, सुनील, प्रवीण और भूषण ने नगर कमेटी पर आरोप लगाया कि इस प्रकार के प्रोजेक्ट को तैयार करने से पहले स्थानीय लोगों की सहमति नहीं ली गई।
कुछ लोगों की मिलीभगत से उनके वार्ड के पास प्रोजेक्ट बनाने के लिए एनओसी जारी कर दी गई जो उन्हें मंजूर नहीं है। प्रत्येक दिन इन दोनों वार्डों के सैकड़ों लोग इसी रास्ते से होकर नगर कमेटी मुख्यालय पहुंचते हैं जहां पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर कमेटी के अन्य कई इलाकों में सैकड़ों कनाल सरकारी जगह है जहां पर इस प्रोजेक्ट को बनाया जाए। लोगों ने कहा के नगर कमेटी के साथ बहते नाज दरिया कई किलोमीटर जगह है जहां पर इस प्रोजेक्ट को बनाया जाए, जिससे वार्ड 4 और 5 के लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने मांग की है कि इस प्रोजेक्ट को नगर कमेटी के वार्ड 4 और 5 की जगह किसी अन्य जगह पर बनाया जाए जिससे लोगों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े।