बिलावर। सूखा तालाब देवल के राम मंदिर में नवरात्रों के चलते दुर्गा अष्टमी के उपलक्ष्य पर महामाई दुर्गा की मूर्ति प्रतिष्ठित की गई। इस अवसर पर स्थानीय कई लोगों की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें कई महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मौजूद पंडितों की ओर से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां दुर्गा की मूर्ति को प्रतिष्ठित किया गया है। भक्तों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सर्वप्रथम मां दुर्गा की मूर्ति को पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ लोगों ने मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। इस मौके पर हवन का आयोजन भी हुआ। देवल गांव के कई निवासियों ने हिस्सा लिया। मूर्ति स्थापना के बाद कंजक पूजन का आयोजन हुआ। लोगों में प्रसाद बांटा गया। इस अवसर पर मदनलाल शर्मा, जवाहर शर्मा, सुशांत शर्मा, कृपाल सिंह, जितेंद्र शर्मा, अनिल शर्मा, मस्त राम शर्मा, तेजेंद्र शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।