Kathua Bank Looted: कठुआ में बैंक गार्ड को बंधक बना 1.65 करोड़ की लूट, लुटेरे जहां से भागे वहां से 13 लाख बरामद
कठुआ में चोरों ने गार्ड को बंधोक बनाकर एक बैंक से एक करोड़ रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर चोर फरार हो गए हैं। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले में जांच जारी है।
विस्तार
जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे से सटे हटली मोड़ इलाके में लुटेरों ने एचडीएफसी बैंक की हटली मोड़ शाखा में 1.65 करोड़ रुपये लूट लिए। छत पर माउंटी से बैंक में घुसे लुटेरों ने पहले बैंक गार्ड को बंधक बनाया और नकदी उड़ा ले गए। पुलिस ने जांच के दौरान इमारत की छत से लगभग 13 लाख रुपये बरामद किए हैं। जांच के लिए डीएसपी की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित कर दी है। बैंक के गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं, शहर में इस वारदात से लोग दहशत में हैं।
दो लुटेरों ने गार्ड को बंधक बनाकर लूट को अंजाम दिया
यह बैंक शाखा कठुआ शहर के हटली मोड़ के व्यस्त और पुलिस नाके के पहरे में रहने वाले चौक से सटी है। एसएसपी आरसी कोतवाल के अनुसार बैंक गार्ड द्वारा हटली पुलिस चौकी को सोमवार तड़के सूचना दी गई। जिसमें उसने बताया कि बैंक के भीतर घुसे दो लुटेरों ने उसे बंधक बनाकर लूट को अंजाम दिया है।
मामले की जानकारी मिलते ही डीएसपी मुख्यालय और सिटी थाना प्रभारी हटली चौकी प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। बैंक प्रबंधकों की ओर से मामले में लूटी गई राशि के संबंध में जांच शुरू की गई। एसएसपी के अनुसार कुछ नकदी बरामद हुई है। पुख्ता सुराग मिले हैं, जिसकी बिनाह पर लुटेरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
बैंक ब्रांच से एक करोड़ 65 लाख की लूट हुई
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि बैंक ब्रांच से एक करोड़ 65 लाख की लूट हुई है जबकि 13 लाख रुपये की राशि इमारत की छत से बरामद कर ली गई है। गार्ड ने बताया है कि दो लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है लेकिन मामले की जांच जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है। इस संदर्भ में सिटी पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 392/458/34 आईपीसी में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।