बसोहली। बुधवार को एडीसी कार्यालय बसोहली में ब्लॉक दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एडीसी बसोहली तिलकराज थापा ने की। इस दौरान बंदरों के आतंक का मुद्दा मुख्य रूप से छाया रहा। उपस्थित लोगों ने बताया कि बंदरों के हमले से कई लोग जख्मी हो चुके हैं। वहीं, किसानों ने बंदरों के आतंक से खेती करना छोड़ दिया है। एडीसी बसोहली ने वन्यजीव विभाग के डीएफओ से बात कर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीण विकास विभाग के बीडीओ ने बताया कि 25 लाख रुपये की 116 लाइटें खरीदी गई हैं, जिसे पंचायत स्तर पर लगाया गया है। एडीसी ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी को एसडीपीओ कार्यालय से लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय तक खराब लाइटों की जगह नई लाइटें लगाने के निर्देश दिए। तहसीलदार बसोहली अमन आनंद ने जल शक्ति विभाग के एईई से पलाही में पानी आपूर्ति के बारे में जानकारी की। अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक तीसरे दिन पानी की आपूर्ति दी जाती है। साथ ही जहां पेयजल संकट है, वहां टैंकरों के जरिए पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को एडीसी ने डॉक्टरों व स्टाफ की हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई के एईई ने बताया कि धार महानपुर सड़क के लिए नए सिरे से शेष बचे काम की टेंडर प्रक्रिया जारी है। इस अवसर पर एसडीपीओ बसोहली शाजिया मीर, बसोहली बनी विकास प्राधिकरण के सीईओ अजीत सिंह, पीएमजीएसवाई विभाग के एईई दीपक कोहली व विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।