हीरानगर। कंडी क्षेत्र के गांव सल्लन के श्मशानघाट की जमीन पर रातोरात जेसीबी लगाकर पेड़ उखाड़ दिए गए। इससे घुस्साए लोगों ने रविवार सुबह प्रदर्शन कर भू माफिया पर जमीन कब्जाने के आरोप लगाए हैं। प्रशासन को चेतावनी दी कि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो हड़ताल शुरू कर देंगे। सरपंच काबल सिंह ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली कि श्मशानघाट की जगह पर किसी ने जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर इसे समतल कर दिया है। मौके पर पहुंचेे तो यहां लगाए गए पेड़ उखाड़ दिए गए थे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी अशोक खजूरिया, नीरज जम्वाल, कृष्ण लाल आदि ने बताया कि जिस जगह पर कब्जा करने की कोशिश की गई है, वहां तीन श्मशान घाट हैं। 10 दशकों से भी अधिक समय से यहां सल्लन, कस्बा और पटयाड़ी के लोग दिवंगतों का अंतिम संस्कार करने आते हैं। इस घटना से पूरा गांव एकजुट हो गया है, अगर समय रहते भू माफिया पर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो आक्रोश बढ़ जाएगा। प्रशासन इस मामले में आरोपियों पर जल्द कार्रवाई करे।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार के चलते राजस्व विभाग का कोई अधिकारी कर्मचारी यहां नहीं पहुंचा है, जो जानकारी लोगों ने हमें दी है। इसके बारे में राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी बता दिया जाएगा। घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की जा रही है। अगर जमीन पर कब्जा किया जा रहा है तो आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।