हीरानगर। बॉर्डर बटालियन भर्ती के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इनके समर्थन में जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी के नेता भी सामने आए।
जिला महासचिव कन्नव खजूरिया ने कहा प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे अपनी पार्टी कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी। जहां भी युवाओं के साथ अन्याय होगा अपनी पार्टी खुलकर सामने आएगी। उन्होंने कहा बॉर्डर बटालियन भर्ती में जो युवा चयनित हुए हैं, उन्हें अभी तक अपना हक नहीं मिला है। अगर सरकार इसमें कुछ और युवाओं को शामिल करना चाहती है तो भी सीमावर्ती लोगों के लिए की गई भर्ती को मुकम्मल करे और उसके बाद नई रिक्तियां निकाले। उन्होंने कहा बॉर्डर बटालियन भर्ती के लिए युवाओं ने जम्मू में भी प्रदर्शन किया था, जहां उनके पर लाठी चार्ज किया गया। सरकार युवाओं को बेरोजगार करके मजदूर बनाने की कोशिश कर रही है। अपनी पार्टी इन युवाओं के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।