Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Una News ›   Mehatpur Una Government Primary School Running in Lakshmi Narayan Temple Verandah Since 1989

हिमाचल: मंदिर के बरामदे में चल रहा मैहतपुर का सरकारी स्कूल, 37 साल से अपनी छत का इंतजार कर रहे 31 बच्चे

Mon, 02 Nov 2026 02:30 PM IST
Ankesh Dogra जसवीर ठाकुर, ऊना।
जसवीर ठाकुर, ऊना। Published by: Ankesh Dogra Updated Mon, 02 Nov 2026 02:30 PM IST
सार

ऊना के मैहतपुर बसदेहड़ा में राजकीय प्राथमिक स्कूल की स्थिति सरकारी शिक्षा व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। वर्ष 1989 से स्कूल लक्ष्मी नारायण मंदिर के बरामदे में चल रहा है, जहां पहली से पांचवीं कक्षा तक के 31 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल के पास अपना भवन और खेल मैदान तक नहीं है। मंदिर में धार्मिक आयोजन होने पर बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो जाती है।

विज्ञापन
Mehatpur Una Government Primary School Running in Lakshmi Narayan Temple Verandah Since 1989
लक्ष्मी नारायण मंदिर के बरामदे में भोजन करते मैहतपुर स्कूल के बच्चे।  - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

सरकारी दावों के उलट नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा के वार्ड नंबर पांच स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल वर्ष 1989 से मंदिर की कृपा पर टिकी है यानी लक्ष्मी नारायण मंदिर के बरामदे में चल रहा है। 37 साल से इसी बरामदे में सर्दी, गर्मी और बरसात झेलते हुए पढ़ाई करने को विवश हैं। वर्तमान में यहां पहली से पांचवीं कक्षा तक 31 नौनिहाल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल का आलम यह है कि हाजिरी रजिस्टर, सरकारी रिकॉर्ड और राशन आदि भी मंदिर के एक स्टोर रूम में ताले में बंद रहता है। 

विज्ञापन
Trending Videos

सुबह शिक्षक स्टोर रूम से रजिस्टर निकालकर बरामदे में ही बच्चों की हाजिरी लगाते हैं। इसके बाद वहीं से राशन निकालकर बरामदे के एक कोने में मिड डे मील पकाया और बच्चों को परोसा जाता है। सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक प्रार्थना सभा से लेकर तमाम शैक्षणिक गतिविधियां इसी बरामदे में निपटाई जाती हैं। नेशनल हाईवे किनारे स्थित इस स्कूल में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। खेल मैदान के अभाव में बच्चे शारीरिक गतिविधियों से भी महरूम हैं। मंदिर में धार्मिक आयोजन होने पर पढ़ाई पूरी तरह ठप हो जाती है। शिक्षक और बच्चे लाचार होकर आयोजनों के समाप्त होने का इंतजार करते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

सीमित संसाधनों के साथ पढ़ाई करवानी पड़ रही है। मंदिर में अन्य कार्यक्रम होने पर पढ़ाई बाधित होती है। हर बार एसएमसी बैठक में मुद्दे को उठाकर प्रस्ताव विभाग को भेजा जाता है। मगर अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। -नीरज शर्मा, मुख्याध्यापक, राजकीय प्राथमिक स्कूल मैहतपुर

सरकार स्कूल के लिए अपना भवन मुहैया करवाने के लिए जल्द कदम उठाए। लंबे अरसे से मंदिर के बरामदे में बैठकर भविष्य संवारने के लिए पढ़ाई कर रहे बच्चों को भी अन्य स्कूलों की तरह सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। -लखवीर कौर, प्रधान, एसएमसी

प्राथमिकी स्कूल के भवन निर्माण के मामले को नगर परिषद की हाउस बैठक में लाया जाएगा। सभी पार्षदों की सहमति बनाकर स्कूल भवन के निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन मुहैया करवाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। -रजिंद्र कौर, पार्षद, वार्ड-पांच, नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा।
  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed