{"_id":"d4cd5c05b242f411b94296ae10def65c","slug":"one-person-died-in-accident-hindi-news-1","type":"story","status":"publish","title_hn":"वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
ब्यूरो, अमर उजाला/ अंब(ऊना)।
Updated Fri, 05 Feb 2016 06:56 PM IST
विज्ञापन
उपमंडल मुख्यालय अंब में एक भारी वाहन की चपेट में आने से उद्योग में कार्यरत एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक का मुंह बुरी तरह से खरोंचा गया था जबकि उसके कान भी गायब थे।
विज्ञापन
हालांकि मौके पर कोई पुख्ता सबूत व साक्ष्य न मिलने पर पहले पुलिस ने भी शव की हालत देखकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया लेकिन धर्मशाला से आए फोरेंसिक विशेषज्ञों की राय के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध दुर्घटना का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार सुबह अंब पुलिस को किसी ने मुबारिकपुर रोड पर एक अज्ञात शव पड़ा होने की सूचना दी।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस शव की हालत देखकर हैरान रह गई। शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत था। सूचना मिलते ही डीएसपी जितेंद्र चौधरी भी मौका पर आ गए और पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर केस दर्ज कर लिया। शव के पास ही एक साइकिल पड़ी थी जिसका एक पैंडल टूटा हुआ था, जबकि शव की तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से एक अटेंडेंस कार्ड निकला, जिससे पता चला कि मृतक कलरूही स्थित एक सरिया उद्योग का मजदूर है। इस पर पुलिस ने तफ्तीश की तो शव की शिनाख्त 33 वर्षीय सुखनंदन शर्मा पुत्र राम जी शर्मा गांव हरिहर तहसील छपरा जिला सिवान बिहार के रूप में हुई।
विज्ञापन
पुलिस तफ्तीश में पाया गया कि सुखनंदन शर्मा वीरवार सायं पांच बजकर बीस मिनट पर सरिया उद्योग में ड्यूटी कर अपने क्वार्टर लौटा था और दोबारा रात की शिफ्ट में ड्यूटी देने के लिए उद्योग जा रहा था। शव की हालत देखकर हर कोई इसे हत्या का मामला मान रहा था। जिस पर पुलिस ने धर्मशाला से फोरेंसिक विशेषज्ञ बुलाए। जिन्होंने मौके पर गहन पड़ताल करने के बाद इसे हत्या नहीं बल्कि दुर्घटना का मामला बताया।
फोरेंसिक विशेषज्ञों के अनुसार मृतक को किसी भारी वाहन ने जोरदार टक्कर मारी है और उसका एक टायर भी मृतक के सिर के ऊपर से गुजरा है। इसके चलते उसके सिर की हड्डी भी टूट गई है जबकि उसका मुंह भी बुरी तरह से छिला हुआ है। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश आरंभ कर दी है।