हिमाचल: मां ने पहले छह माह की बच्ची को डुबोया, फिर खुद फंदे से झूली, सोलन के आंजी का मामला
Solan Anji Mother Daughter Death: सोलन शहर के वार्ड-16 आंजी में एक महिला और उसकी छह माह की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय प्रिशिका ने कथित तौर पर पहले अपनी छह माह की बेटी शैलजा कौंडल की जान ली और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के वार्ड-16 आंजी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार यहां एक 29 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर पहले अपनी छह महीने की मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डुबोकर जान ले ली। इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार प्रिशिका रविवार को छह माह की बच्ची शैलजा कौंडल के साथ बिलासपुर जिले के नम्होल से सोलन आई थी।
बालकनी की खिड़की से अंदर घुसे
उसका पति आशुतोष उसे सोलन छोड़कर वापस चला गया। घटना के समय प्रिशिका की छोटी बहन कमरे में मौजूद थी, जिसे प्रिशिका ने खाने-पीने का सामान लाने बाहर भेज दिया। जब बहन वापस लौटी, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने और फोन करने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने तुरंत पिता हरिंद्र बिष्ट को सूचना दी। वह मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण बालकनी की खिड़की से अंदर घुसे। अंदर जाकर देखा तो बच्ची पानी की बाल्टी में डूबी हुई थी, जबकि प्रिशिका पंखें की कुंडी से लटकी हुई है।
पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सोलन रमेश शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा, जहां से पोस्टमार्टम के लिए शिमला आईजीएमसी भेज दिया है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है। पुलिस आगामी तफ्तीश कर रही है।