मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सोलन ने सभी चौकी और थाना प्रभारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। एसपी सोलन ने जिले के सभी चौकी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव और साइबर ठगी से सावधान करने के लिए जागरूक करें। यह निर्देश पुलिस लाइन सोलन में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने दिए। बैठक में वर्ष 2026 में जिले में दर्ज अपराध मामलों की समीक्षा की गई। सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि थाने में लंबित पड़े मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए। विशेष रूप से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाकर अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित करने का आदेश दिया गया। बैठक में जिले में तैनात सभी पुलिस कर्मचारियों के वेलफेयर और उनकी समस्याओं पर भी चर्चा की गई और आवश्यक निपटारा किया गया। एसपी ने निर्देश दिए कि सभी पुलिस कर्मचारी अपनी ड्यूटी ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार, उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू अनिल कुमार शर्मा, पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झालटा, उप पुलिस अधीक्षक लीव रिजर्व सोलन अशोक चौहान और समस्त प्रभारी थानाओं, चौकी प्रभारियों, कार्यालय पुलिस अधीक्षक और पुलिस लाइन सोलन में कार्यरत कर्मचारियों ने भाग लिया।