धुंदन स्कूल में आपदा प्रबंधन पर प्रतियोगिताओं का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में आपदा न्यूनीकरण सप्ताह समर्थ के तहत कार्यकारी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी अनीता बंसल के मार्गदर्शन में समाज को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निबंध लेखन, नारा लेखन, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में पायल ठाकुर (जमा दो) ने प्रथम, ईशा शर्मा (जमा दो) ने द्वितीय व शिवम व सुजल ठाकुर (जमा दो) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में अंजलि सहगल (जमा दो) ने प्रथम, गौरव कुमार (जमा दो) ने द्वितीय और आदित्य (जमा दो) ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में मुस्कान सांख्यान (नवीं) ने प्रथम, दीक्षा (सातवीं) ने द्वितीय और संस्कृति शर्मा (सातवीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम सी के प्रतिभागी वरुण, कनिका, पूर्णिमा, वंशिका एवं छायांक ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी।