विधायक हरदीप बावा ने किया दी सौगात,54 लाख रुपये हुए खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। क्षेत्र की जनता को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में सोमवार को एक और कदम उठाया गया। नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने राजपुरा स्थित नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य उप केंद्र) का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। 54 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक भवन के शुरू होने से अब स्थानीय ग्रामीणों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए नालागढ़ अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ विधायक ने सुदेश के घर से सुलोचना के घर तक निर्मित नई गली का भी लोकार्पण किया। 4 लाख रुपये की लागत से बनी इस गली में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई गई हैं, जिससे क्षेत्र के करीब एक दर्जन परिवारों को कीचड़ और कच्चे रास्तों से निजात मिलेगी। इस अवसर पर विधायक हरदीप बावा ने क्षेत्रवासियों के लिए एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि नालागढ़ आयुर्वेदिक अस्पताल में मरीजों की बढ़ती ओपीडी को देखते हुए आयुष मंत्री ने अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 20 बेड करने का आश्वासन दिया है। इस प्रोजेक्ट को जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा ताकि उपमंडल के लोगों को बेहतर आयुर्वेद चिकित्सा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान बीएमओ डॉ. कविराज नेगी, ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र पाल, उपप्रधान प्रकाश चंद, बीडीसी सदस्य मनोज कुमार, वार्ड पंच नीलम कुमारी, सुलोचना, शंकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।