सोलन: नौणी विवि में कर्मचारियों का हंगामा, वीसी ने खुद को दफ्तर में किया बंद, बाहर धरने पर बैठे कर्मचारी
कुलपति डॉ. एचएस बवेजा के दफ्तर के बाहर कर्मचारियों ने धरने पर बैठ गए। इसके बाद वीसी ने अपने कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दरअसल यह मामला राज्यपाल के हाल में विश्वविद्यालय दौरे के बाद गैर-कर्मचारियों को थमाए गए नोटिसों से जुड़ा है।
विस्तार
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विवि नौणी में सोमवार को हंगामा हो गया। कुलपति डॉ. एचएस बवेजा के दफ्तर के बाहर कर्मचारियों ने धरने पर बैठ गए। इसके बाद वीसी ने अपने कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दरअसल यह मामला राज्यपाल के हाल में विश्वविद्यालय दौरे के बाद गैर-कर्मचारियों को थमाए गए नोटिसों से जुड़ा है। आक्रोशित कर्मचारी कुलपति से जवाब मांगने उनके कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि, कार्यालय के बाहर सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती देखकर कर्मचारियों का गुस्सा और फूट पड़ा और वह वहीं धरने पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि जब कर्मचारी अपना पक्ष रखने कुलपति कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच काफी देर तक गहमागहमी और नोकझोंक होती रही।
मुलाकात की अनुमति न मिलने पर कर्मचारी वीसी कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कुलपति ने दफ्तर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कर्मचारियों ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना उनका पक्ष सुने एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। राज्यपाल के कार्यक्रम के नाम पर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करना पूरी तरह से अनुचित है। जब तक वीसी खुद बाहर आकर स्थिति स्पष्ट नहीं करते और नोटिस वापस नहीं लेते, प्रदर्शन जारी रहेगा। कुलपति कार्यालय के बाहर सुरक्षा बल तैनात रहने और कर्मचारियों के लगातार नारेबाजी करने से दिनभर नौणी विश्वविद्यालय परिसर में माहौल गर्माया रहा। कर्मचारियों ने दोटूक चेतावनी दी है कि जब तक प्रबंधन उनकी बात नहीं सुनता और नोटिस रद्द नहीं करता, तब तक वे वीसी कार्यालय के बाहर से नहीं हटेंगे। लेकिन बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कर्मचारियों को वहां से बाहर हटाया गया।