पांवटा साहिब/ कालाअंब (सिरमौर)। दोपहर के 1:53 हो रहे हैं, हरियाणा राज्य सीमा के बहराल बैरियर पर वाहनों की आवाजाही सीमित है। इक्का-दुक्का वाहन उत्तराखंड और दूसरे राज्यों से प्रवेश किए पहुंच रहे हैं। यहां तैनात पुलिसकर्मी वाहनों में सवार लोगों के कोविड नियम के तहत तय प्रमाणों की जांच कर रहे हैं और बिना प्रमाण वालों को यहीं से वापस भेजा जा रहा है। वीरवार को पांवटा साहिब के बैरियर से 67 छोटे और बड़े वाहन वापस भेजे गए और कालाअंब बैरियर से पांच वाहन लौटाए गए। बैरियर से 32 छोटे बड़े वाहन वापस भेजे गए हैं। प्रदेश में आने के लिए निगेटिव रिपोर्ट, वैक्सीन की दोनों डोज या रैपिड टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। दोपहर 2:52 पर उत्तराखंड राज्य सीमा बैरियर पर बिना ई-पास के बाहरी राज्यों से लोग पहुंच रहे लोगों को रोका जा रहा है। बैरियर पर सुबह से शाम चार बजे तक उत्तराखंड की तरफ से पहुंचे ऐसे 35 छोटे बड़े वाहनों को वापस भेजा, जिनके पास कोविड संबंधी दस्तावेज नहीं थे। इस बीच कुछ लोग पुराने पास और दस्तावेज दिखा रहे थे। उत्तराखंड-हिमाचल के प्रवेशद्वार पर गोविंदघाट बैरियर और हरियाणा-हिमाचल राज्य सीमा पर बहराल बैरियर पर पुलिस विभाग की टीमें पूरी तरह से अलर्ट नजर आई। इस दौरान एसडीएम पांवटा साहिब और डीएसपी भी बैरियरों का जायजा लिया। राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को जारी आदेशों के अनुसार प्रदेश में होने वाली सभी तरह की अंतर्राज्यीय आवाजाही की निगरानी सरकार के कोविड ई-पास पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम की जा रही है।
उधर, कालाअंब बैरियर से पांच वाहन लौटाए गए। इनमें कई वाहन ऐसे थे जो हिमाचल के रास्ते उत्तराखंड की ओर जा रहे थे। बैरियर पर पुलिस पूरी तरह चौकन्नी नजर आई। इस दौरान ज्यादातर लोग अपने कामकाज के सिलसिले में ही हिमाचल की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। पर्यटक अब कम ही प्रवेश कर रहे हैं। इस दौरान हिमाचल में प्रवेश कर रहे वाहनों की जांच चल रही थी। पुलिस और होमगार्ड ने बताया कि सुबह से बिना पंजीकरण वाले लौटाए जा रहे हैं।