नाहन (सिरमौर)। परिवहन निगम के चालकों ने नाहन बस अड्डे पर गेट मीटिंग के दौरान अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को फिर से प्रदर्शन किया। चालक यूनियन से जुड़े चालकों ने सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यूनियन के राज्य सहायक कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि 36 महीने से उनको ओवर टाइम का पैसा नहीं दिया गया है। वह रात-दिन ड्यूटी बजा रहे हैं। अपने परिजनों से दूर रहते हैं। उनके कार्य का पैसा तक नहीं दिया जा रहा है। इससे सभी चालक बुरी तरह से हताश और परेशान हैं। मानसिक दबाव से गुजर रहे हैं।
प्रदर्शन में मौजूद राज्य सहायक कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, रमेश चंद, जयप्रकाश, बलजिंद्र सिंह, बलविंदर सिंह, चंद्रमोहन, संजीव पुंडीर ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती तब तक उनका यह प्रदर्शन चलता रहेगा।