पांवटा साहिब (सिरमौर)। गुरु गोबिंद सिंह राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में विद्यार्थियों को तनाव एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तनाव के कारणों, इसके मानसिक एवं शारीरिक प्रभावों तथा तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देना रहा। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. आशीष ने विद्यार्थियों को तनाव के वैज्ञानिक आधार और इसके प्रभावों की जानकारी दी। कहा कि तनाव प्रबंधन के लिए योग, खेलकूद और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। मोबाइल फोन, गैजेट्स और सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल को कम करने तथा डिजिटल डिस्ट्रेक्शन से बचने की सलाह दी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने विद्यार्थियों से सकारात्मक एवं संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने योग एवं खेलकूद को दिनचर्या में शामिल करने और नशे से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. विम्मी रानी ने तनाव कम करने के सरल उपाय साझा किए और कहा कि छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालती हैं। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट डॉ. पूजा भाटी, डॉ. उतमा पांडेय, प्रो. स्वामी नाथ, डॉ. किरण बाला, प्रो. चिनू, प्रो. तनु सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।