नाहन शहर में तमाम एटीएम बंद, दो पर लगीं कतारें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समय दोपहर 11:30 बजे। दिन रविवार। स्थान चौगान मैदान से सटा एसबीआई का एटीएम। कैश निकालने के लिए लगी लंबी लाइन। यहां खड़ा हर शख्स घंटों से अपनी बारी की प्रतीक्षा में है। कोई दो घंटे से तो कोई तीन घंटे से। एटीएम में कैश निकालने को जुटी भीड़ प्रमाण दे रही है कि नोटबंदी के बाद उपजा आर्थिक संकट अभी पटरी पर नहीं लौटा है। अपने ही पैसे निकालने के लिए लोग जद्दोजहद कर रहे हैं। उस पर बैंकों की मनमर्जी लोगों पर भारी पड़ रही है। दरअसल, एसबीआई के अलावा कोई भी बैंक नोटबंदी के फरमान के बाद लोगों को एटीएम की सुविधा मुहैया नहीं करवा रहा।
रविवार को छुट्टी होने पर भी एटीएम से कैश निकालने के लिए लोगों की भारी भीड़ देखी गई। समय 12:15 बजे। स्थान गुन्नूघाट स्थित एसबीआई का एटीएम। यहां भी लोगों की भारी भीड़ जुटी है। भीड़ में खड़े शहर के ही सुनील ने बताया कि वह लगभग दो घंटे से लाइन में खड़े हैं। एटीएम में कैश उपलब्ध नहीं था। लेकिन, लाइन उससे पहले ही लग गई थी। कैश डालने के बाद वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सत्या देवी ने बताया कि वह शहर के तमाम एटीएम के चक्कर लगाकर यहां गुन्नू घाट पहुंची हैं। शहर के तमाम एटीएम बंद हैं। कहीं कैश नहीं है तो कहीं शट्टर लगा लिए गए हैं। इससे लोगों को दिक्कतें हो रही हैं।
नोटबंदी के बाद बैंकों का आर्थिक लेनदेन पटरी पर नहीं लौट पाया है। विभिन्न बैंकों के पास कैश की कमी चल रही है। इसके चलते तय लिमिट के मुताबिक भी लोगों को पैसा नहीं दिया जा रहा है। रविवार को अमर उजाला की टीम ने शहर के विभिन्न एटीएम का दौरा किया। आईसीआईसीआई, सहकारी बैंक, पीएनबी और एचडीएफसी के बैंकों के शट्टर डाउन पाए गए। एसबीआई के सिर्फ दो एटीएम चालू हालत में पाए गए। वहां पर 2500 की बजाय सिर्फ 2000 रुपये ही निकल रहे थे। लोगों का कहना है कि यहां सिर्फ 2000 रुपये के नए नोट ही मशीन में डाले गए हैं। छोटे नोट नहीं होने की वजह से 2500 नहीं निकल रहे। लाइन में खड़े हर्ष तोमर, अजय सिंह, रणजीत नेगी, अर्चना सिंह, आशा तोमर का कहना है कि बैंक प्रबंधन को चाहिए कि वह एटीएम में छोटे नोट भी डाले, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
पैसे निकालने के बाद भी दिक्कत
एटीएम से 2000 रुपये का नोट निकलने के बाद भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुनीता, रेखा देवी, रोहित कुमार, देव राज शर्मा ने बताया कि एटीएम से 2000 रुपये का नोट निकला। अब मुश्किल यह हुई कि बाजार में कोई नोट लेने को तैयार नहीं। दरअसल, लोगों के पास छोटे नोट नहीं होने की वजह से दिक्कत हो रही है। सब्जियां और अन्य सामान खरीदने जाएं तो छुट्टे मांगे जा रहे हैं। लेकिन, वह कहां से लाएं।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसबीआई के प्रबंधक चमन चौहान ने बताया कि बैंक में छोटी करेंसी की दिक्कत है। इस वजह से एटीएम में भी बड़े नोट ही डाले जा रहे हैं। छोटे नोट बैंकों में जमा भी नहीं हो रहे। उनके अनुसार जल्द स्थिति सुधरने की उम्मीद है।