नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के 240 उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में गृहरक्षक कर्मचारी विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए आवश्यक टिप्स देंगे। स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बुधवार को उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने होमगार्ड की 14 टीमों को जिला के विभिन्न स्कूलों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में जिला के ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले 137 स्कूलों में होमगार्ड बच्चों को आपदा से निपटने के गुर सिखाएंगे। शेष शीतकालीन अवकाश वाले 103 स्कूलों में दूसरे चरण में बच्चों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि आपदा का कोई निर्धारित समय नहीं होता, लेकिन आपदा से निपटने के लिए हर व्यक्ति को मानसिक तौर पर तैयार रहना चाहिए। तभी आपदा से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड कर्मचारियों द्वारा स्कूलों में जाकर बच्चों को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन से बचाव बारे जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा होमगार्ड आग, जंगल की आग से बचाव, सड़क दुर्घटना से बचाव, सांप आदि विषैले जीवों से बचाव बारे भी प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने होमगार्ड कर्मचारियों से आग्रह किया कि वह स्कूलों में बच्चों को सभी प्रकार के नशे के दुष्प्रभाव बारे जानकारी दें, जिससे बच्चे तंबाकू, नशीली दवाओं, स्मैक, शराब, सिगरेट बीड़ी इत्यादि नशे का शिकार न बन सकें। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित कलेंडर और प्रचार सामग्री का भी विमोचन किया। उन्होंने बताया कि इस प्रचार सामग्री का वितरण भी सभी स्कूलों में किया जाएगा। इस मौके पर आदेशक गृह रक्षक राकेश सिंह, उप आदेशक गुमान सिंह, शिक्षा उपनिदेशक उच्च उमेश बहुगुणा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विपिन शर्मा, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रतिनिधि राजन कुमार, अरविंद चौहान, सुशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।