Himachal News: आरके ख्रिमे बोले- चीन के साथ बातचीत सराहनीय, संवाद से ही जटिल समस्याओं का समाधान संभव
बुधवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरके ख्रिमे ने कहा कि शांतिपूर्ण वातावरण ही तिब्बत की आजादी का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
कोर ग्रुप फॉर तिब्बतन कॉज-इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक एवं अरुणाचल से पूर्व सांसद आरके ख्रिमे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन के साथ वार्ता की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि संवाद से ही जटिल समस्याओं का समाधान संभव है। बुधवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरके ख्रिमे ने कहा कि शांतिपूर्ण वातावरण ही तिब्बत की आजादी का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर टैरिफ दबाव बनाने की कोशिश का जिक्र करते हुए ख्रिमे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसी धमकी से डरने वाले नहीं हैं।
ख्रिमे ने यह भी दोहराया कि अरुणाचल प्रदेश की सीमा चीन से नहीं, बल्कि आजाद तिब्बत से लगती है। उन्होंने मांग की कि भारत सरकार तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को भारत रत्न प्रदान करे। आरके ख्रिमे ने कहा कि तिब्बत एक लोकतांत्रिक राष्ट्र है, लेकिन चीन ने सैन्य बल के जरिए उस पर अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दलाई लामा के उत्तराधिकारी एवं पुनर्जन्म प्रक्रिया में चीन का कोई अधिकार नहीं है। ख्रिमे ने बताया कि तिब्बती धार्मिक सम्मेलन और बौद्ध धर्मावलंबी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि दलाई लामा के उत्तराधिकारी का चयन पारंपरिक पद्धति से गादेन फोडरंग ट्रस्ट द्वारा ही किया जाएगा।
तिब्बती लोकतंत्र दिवस की 65वीं वर्षगांठ के अवसर पर 14वें दलाई लामा ने बुधवार को अपने धर्मशाला स्थित निवास पर आधिकारिक अतिथियों को विशेष दर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर जापान संसद के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सांसद वादा यूइचिरो, भारत के मणिपुर से लोकसभा सदस्य अल्फ्रेड कान-नगाम आर्थर, तिब्बती कॉज इंडिया के कोर ग्रुप के राष्ट्रीय संयोजक आरके ख्रिमे, राष्ट्रीय सह-संयोजक अरविंद निकोस तथा जापान एवं पूर्वी एशिया के लिए दलाई लामा के प्रतिनिधि त्सेवांग ग्यालपो आर्या विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के सूचना एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग की मंत्री नॉरजिन डोलमा ने बुधवार को जापान के सांसद एवं प्रतिनिधि सभा के सदस्य वादा यूइचिरो के साथ विभाग के ल्हाक्पा त्सेरिंग मेमोरियल हॉल में बैठक की। इस अवसर पर तिब्बत के जापान प्रतिनिधि त्सेवांग ग्यालपो आर्या, सूचना एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के सचिव कर्मा चोयिंग, अतिरिक्त सचिव नामग्याल त्सेवांग तथा प्रोटोकॉल अधिकारी तेनजिन चोयांग भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग और तिब्बत मुद्दे से संबंधित विषयों पर सार्थक चर्चा की।