संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल की थुंदल पंचायत के शराहन गांव में स्व. किरपा राम कटाईक मेमोरियल ठोडा खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया है। समापन पर चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे, जबकि प्रदेश ठोडा संघ के महासचिव ओम प्रकाश मेहता ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में चौपाल, घुंड बलसन और सिरमौर जोन के 34 सुप्रसिद्ध ठोडा दलों ने भाग लिया और तीर-कमान के करतब दिखाए। ठोडा खेल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला घुंड बलसन के तोह्नाल और चौपाल जोन के नन्हारू टीम के बीच हुआ। इसमें ठोडा दल घुंड बलसन की तोह्नाल टीम विजेता रही। इसके अलावा महिला रस्साकशी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। महिला रस्साकशी प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला जिला सिरमौर की टीम तालिपाव और बलसन की टीम टिक्कर के बीच हुआ। इसमें सिरमौर की तालिपाव टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। विशेष अतिथि सेवानिवृत्त तहसीलदार ओम प्रकाश मेहता ने कहा कि ठोडा खेल एक प्रभावशाली तीरंदाजी का खेल है, जो नृत्य के साथ खेला जाता है। उन्होंने कहा कि बिशु, दिवाली, जागरा, जातर, शांत, भुंडा, चड़ेवली और खिला आदि पहाड़ी संस्कृति की अनमोल विरासत हैं। इनमें कुछ पर्व सालाना, महीने और मौसम के हिसाब से होते हैं, तो कुछ वर्षों गुजरने के बाद देखने को मिलते हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं, जो अब इतिहास हो गए और आज सिर्फ गीतों और हारुलों में जिंदा हैं। नई पीढ़ी के लिए यह तीज-त्योहार अजूबे से कम नहीं हैं। बिशु में खेला जाने वाला सांस्कृतिक धरोहर ठोडा तीरंदाजी का खेल सह नृत्य है।