रोहड़ू। सरस्वती विद्या मंदिर समोली में रविवार को विद्या भारती ने नारी सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती विद्या मंदिर समोली की पूर्व आचार्य और कृषि ग्रामीण बैंक की प्रबंधक तृप्ता बालनाहटा ने किया। स्वागत भाषण में विद्यालय की कार्यक्रम संयोजिका रीना चतानटा ने कहा कि नारी शक्ति समाज की सृजनशील ऊर्जा है, जिसका सम्मान और सशक्तीकरण हर व्यक्ति का कर्तव्य है। इस अवसर पर छात्राओं ने नारी सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा और महिला अधिकारों पर आधारित गीत, नृत्य, कविताएं और नाटक प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान नारी उपलब्धियों पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें समाज में प्रेरणास्रोत महिलाओं के योगदान को प्रदर्शित किया गया। तृप्ता बालनाहटा ने कहा कि नारी केवल परिवार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। विद्या भारती की ओर से सह संयोजिका अमिता शर्मा, कार्यक्रम की प्रभारी उमा अग्रवाल, प्रेम लता भी उपस्थित रहीं। अंत में विद्यालय की नीता शर्मा ने सभी महिलाओं और बहनों का धन्यवाद किया।