{"_id":"6ad756c82313638c2904ff8b","slug":"gas-cylinder-supply-disrupted-at-bhadoli-school-mid-day-meal-crisis-rampur-hp-news-c-178-1-ssml1033-172925-2026-10-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur Bushahar News: भड़ोली स्कूल में गैस सिलिंडर की आपूर्ति बाधित, मिड-डे मील पर संकट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur Bushahar News: भड़ोली स्कूल में गैस सिलिंडर की आपूर्ति बाधित, मिड-डे मील पर संकट
विज्ञापन
विज्ञापन
ई-केवाईसी पूरी नहीं होने से एजेंसी ने रोकी आपूर्ति, शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भड़ोली में गैस सिलिंडर की आपूर्ति बाधित होने से मिड-डे मील (एमडीएम) व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण संबंधित गैस एजेंसी ने विद्यालय को सिलिंडर देने से इन्कार कर दिया है। एजेंसी की ओर से ई-केवाईसी के लिए आधार कार्ड मांगा जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए आधार कार्ड उपलब्ध करवाने में परेशानी आ रही है। जिन लोगों से आधार कार्ड मांगे जा रहे हैं, उनमें से अधिकांश के अपने घरेलू गैस कनेक्शन हैं। ऐसे में वे अपनी व्यक्तिगत और घरेलू जरूरतों के चलते आधार कार्ड देने में असमर्थता जता रहे हैं। इसके चलते विद्यालय के लिए गैस सिलिंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना मुश्किल हो गया है। विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की प्रधान गीता ने कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो बच्चों के लिए भोजन तैयार करने में बाधा आ सकती है। एसएमसी सदस्य तारा, गोपाल, पूजा, अंजली, सीता और सुनीता ने भी विद्यालय में गैस सिलिंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। विद्यालय प्रशासन और एसएमसी ने शिक्षा विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की कि गैस एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालय को नियमित रूप से सिलिंडर उपलब्ध करवाए जाएं। साथ ही सरकारी विद्यालयों के गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी और आधार कार्ड संबंधी प्रक्रिया को स्पष्ट किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी न हो और बच्चों को नियमित रूप से मिड-डे मील मिल सके।