रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को जुब्बल उपमंडल के ढाडी में विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान में युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंसकर अपने लक्ष्य से भटक रही है। ऐसे में इस प्रकार के खेल आयोजन अपना एक महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। सरकार खेलों के विषय में गंभीर और महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। प्रदेश के नौ खेल छात्रावासों में प्रदेशभर से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेल छात्रावास (कन्या) इन सभी में सबसे बड़ा छात्रावास बन कर उभर रहा है। इस खेल छात्रावास की स्थापना सन 1987 में हुई थी। दो वर्षों के दौरान यहां कबड्डी और बैडमिंटन दो अतिरिक्त खेलों को भी शामिल किया गया है। अब यहां वॉलीबाल और कबड्डी की 20-20 सीटों के साथ बैडमिंटन की 15 सीटों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुराचली क्षेत्र उनके विधानसभा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण भाग है। इस क्षेत्र कि सबसे प्रमुख सड़क सावड़ा-मांदल-झगटान की मेटलिंग और टारिंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इसके अलावा अन्य नई सड़कों का निर्माण और पासिंग की गई है। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोअरकोटि के छात्रों की प्रस्तुतियों पर 2,500 रुपये हर छात्र को देने की घोषणा की। साथ ही युवक मंडल को 50,000 रुपये देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, पूर्व जिप सदस्य मोतीलाल सिथता, जुब्बल-कोटखाई युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, एसडीएम गुरमीत नेगी, थाना प्रभारी चेतन चौहान समेत विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।