विधायक लोकेंद्र कुमार ने मेधावियों को किया पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश(कुल्लू)। आर्यवर्त पब्लिक स्कूल दलाश में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में विधायक लोकेंद्र कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अध्यक्षता एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के पूर्व अध्यक्ष अमर ठाकुर ने की। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से रंग जमाया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूल के प्रबंध निदेशक रमेश वर्मा और एसएमसी अध्यक्ष जयंत राज ने मुख्यातिथि सहित अन्य सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। स्कूल की उप प्रधानाचार्य डीएम संजय ठाकुर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की शिक्षा सहित अन्य उपलब्धियों को गिनाया। मुख्य अतिथि ने कहा कि आज के समय में बच्चे अच्छी शिक्षा लेकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन समाज में तेजी से फैल रही चिट्टे सहित अन्य नशे जैसी बुराइयां युवाओं को गर्त में ले जा रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य संकट में है। ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 41 हजार रुपये की राशि विद्यालय प्रशासन को भेंट की। इस मौके पर भाजपा मंडल दलाश अध्यक्ष विवेक वर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष योगेश वर्मा, दीपक वर्मा, दुष्यंत परमार, शादी लाल, स्वरूप वर्मा, दिनेश कुमार, गंगा राम चंदेल, जिया लाल वर्मा, बिहारी लाल खाची सहित अन्य मौजूद रहे।