Himachal Accident : कुल्लू के आनी में कार पर गिरे पत्थर, खाई में लुढ़की गाड़ी; डॉक्टर दंपती की मौत, बेटी घायल
कुल्लू जिले के आनी में राणाबाग-देहुरी सड़क पर करोईगाड़ के पास बड़ा हादसा हुआ। पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में रामपुर के निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी भव्या घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में डॉक्टर दंपति की मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा राणाबाग-देहुरी सड़क पर उस समय हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और चट्टानें गिरकर कार पर आ गिरीं।
मृतकों की पहचान रामपुर के निजी अस्पताल संचालक एवं प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी सविता ठाकुर के रूप में हुई है। हादसे में उनकी बेटी भव्या ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद खनेरी अस्पताल रामपुर रेफर किया गया है।
खुड्डीजल मंदिर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार डॉ. बृज ठाकुर शुक्रवार सुबह अपने परिवार के साथ खुड्डीजल मंदिर जा रहे थे। करीब 10:15 बजे राणाबाग निवासी हेम सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि करशेईगाड़ के समीप राणाबाग-देहुरी सड़क पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सड़क के ऊपर स्थित पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें और पत्थर कार पर आ गिरे। पत्थरों की चपेट में आने के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।
मौके पर ही हुई डॉक्टर दंपति की मौत
दुर्घटनाग्रस्त कार में डॉ. बृज ठाकुर, उनकी पत्नी सविता ठाकुर और बेटी भव्या ठाकुर सवार थे। हादसे में डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव दल की मदद से घायल भव्या को सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए खनेरी अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया।
चिकित्सा जगत में शोक की लहर
डॉ. बृज ठाकुर रामपुर में निजी अस्पताल संचालित करते थे और क्षेत्र के जाने-माने गायनी विशेषज्ञ थे। उनके निधन की खबर फैलते ही चिकित्सा जगत और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी आनी राजीव मेहता ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी आनी निरीक्षक ईशांत सैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानों का गिरना सामने आया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र की राणाबाग-देहुरी सड़क पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि श्रीखंड अस्पताल के डॉक्टर बृज ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में दंपति की पुत्री के घायल होने की सूचना भी बेहद पीड़ादायक है। जयराम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा घायल पुत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।