Shimla: शहर से नाबालिग भाई-बहन लापता, घर से दुकान के लिए निकले थे, अपहरण का केस दर्ज
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित की हैं और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
विस्तार
शिमला शहर में नाबालिग भाई-बहन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित की हैं और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को दी शिकायत में टुटीकंडी में दुकान चलाने वाली नाबालिगों की मां ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटा 12 जुलाई को दोपहर करीब 2:30 बजे दुकान से बाहर निकले थे। इसके बाद दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों बच्चे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ ही परिचितों और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मां ने थाना बालूगंज में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। वहीं, संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। दोनों बच्चों के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं। बच्चों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बच्चों के नाना ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण दोनों बच्चे आईएसबीटी स्थित दुकान पर आए थे। इस दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोनों बच्चों को जल्द तलाश करने की मांग की है।
छह महीनों में आए 30 मामले
जिले में नाबालिग बच्चों के लापता होने के मामले समय-समय पर सामने आते रहते हैं। पिछले छह महीनों में ऐसे 30 मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित स्थानों पर दबिश देकर बच्चों को सकुशल परिजनों के हवाले किया है। इन मामलों की जांच में सामने आया था कि कई बार बच्चे डांटने, मोबाइल फोन के लिए मना करने या अन्य कारणों से बिना बताए घर से चले गए थे। अब एक बार फिर भाई-बहन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिजन चिंतित हैं। पुलिस दोनों बच्चों को सकुशल तलाशने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।