सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के निहरी में पांच दिवसीय मूल माहूंनाग मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में मशहूर लोकगायिका रमना भारती और गायक सुरेश शर्मा ने नॉन स्टाॅप पहाड़ी नाटियों, हिंदी-पंजाबी गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक संध्या में बीडीओ निहरी मनमोहन शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए। इनका मेला आयोजन कमेटी के प्रधान कामेश्वर और सदस्यों ने स्मृतिचिह्न देकर स्वागत किया।
स्टार कलाकार रमना भारती ने झुरी से कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने हाय शोरूआ संगे जाना लवी रे मेले, मेरे साजना, काऊ ता बासा, मेरे पटवारिया, तिरछा धाटुआ नॉन स्टॉप नाटियों की प्रस्तुति से पंडाल में बैठे दर्शकों को नाचने पर मजबूर किया। इससे पहले युवा गायक सुरेश शर्मा ने कानों रे वाले, मेरिए माघिए, हे मामेया बाले न्यूटिया, नाशपाती री नारदाने रा बेजा, हो मेरी सुमना सहित हिंदी और पंजाबी गीतों से युवाओं को झूमने पर विवश किया। स्थानीय लोक कलाकारों ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी।
इस मौके पर देवता मेला कमेटी प्रधान कामेश्वर, कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला महासचिव विक्की ठाकुर, नायब तहसीलदार टेक चंद, निहरी पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र, राहुल, देवता के देवलू और स्थानीय लोग मौजूद रहे। संवाद