मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में दीक्षारंभ कार्यक्रम के चौथे दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियां में अपनी प्रस्तुतियां दीं। नए विद्यार्थियों की प्रतिभाएं जानने के लिए गायन और नृत्य के मुकाबले करवाए गए। नृत्य प्रतियोगिता में भौतिक विभाग के विनय चौहान प्रथम, इतिहास विभाग की नेहा और मनीषा द्वितीय और भौतिक विभाग की तेजेंद्रा तृतीय स्थान पर रही। इस दौरान नए छात्र छात्राओं ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। छात्राओं ने नाटी, एकल गान, समूह गान और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। विश्वविद्यालय की प्रति कुलपति प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने बताया कि गायन प्रतियोगिता में एमसीए विभाग के जतिन शर्मा प्रथम, एमबीए विभाग की लक्ष्मी द्वितीय, तृतीय स्थान पर भौतिक विभाग की शिखा भारती और जीव विज्ञान विभाग की अक्षित शर्मा रही। इन प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भौतिक विभाग के डॉक्टर नरेंद्र, इतिहास विभाग के डॉक्टर रामपाल, रसायन विभाग से डॉक्टर चेतन चौहान और एमबीए से डॉक्टर बलबीर रहे। प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का टेलेंट आगे लाने में मदद करते हैं।