सलहाणा का राइफलमैन अजय पंचतत्व में विलीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पधर (मंडी)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जेएंडके राइफल में भर्ती मंडी जिले के पधर उपमंडल की ग्राम पंचायत चुक्कू के सलाहणा गांव का राइफल मैन अजय कुमार (19) वीरवार को राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गया। अजय कुमार डेढ़ वर्ष पहले ही जेएंडके राइफल में भर्ती हुुआ था। हाल में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अजय पास आउट हुआ था। जानकारी के अनुसार अजय कुमार को पास आउट परेड के दौरान पीठ में चोट आई थी। जिससे उसका इंफेक्शन बढ़ गया। ऐसे में अजय को मिलिट्री अस्पताल जबलपुर में भर्ती करवाया गया था। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक उसकी रीढ़ की हड्डी का आपरेशन किया गया था।
सेना ने अजय के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना परिजनों को दे दी थी। छह अगस्त को अजय के परिजन भी बेटे का हाल जानने के लिए जबलपुर रवाना हुए। आठ अगस्त को मिलिट्री अस्पताल पहुंचे। उसी रात करीब अढ़ाई बजे अजय ने दम तोड़ दिया। सैन्य अधिकारियों ने बुधवार शाम को अजय का पार्थिव देह उसके पैतृक गांव सलहाणा पहुंचाया। वीरवार सुबह राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन की ओर से एसडीएम पधर हेम राज वैरवा और पधर पुलिस थाना के एएसआई रमेश चंद, जेएंडके राइफल जबलपुर के सूबेदार लाभ सिंह, रायफलमैन किशोरी लाल और राजकुमार ने पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर सलामी दी। वहीं सेना के जवानों ने हवाई फायर कर गार्ड ऑफ आनर से सलामी दी। इस दौरान सैकड़ों की तादाद में लोग दाह संस्कार में शामिल हुए और राइफलमैन अजय कुमार को अंतिम विदाई दी। अजय कुमार की आकस्मिक मौत से पधर क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है। अजय कुमार अपने मां बाप का इकलौता बेटा था।
राइफलमैन अजय कुमार के निधन पर शोक
पधर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तुलाह में पधर उपमंडल की चुक्कू पंचायत के गांव सल्हाणा निवासी राइफलमैन अजय कुमार के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया गया। प्रधानाचार्य हरि सिंह चौहान ने बताया कि अजय कुमार ईमानदार, परिश्रमी युवक था जो अपने पहले ही प्रयास में भारतीय सेना में भर्ती हो गया था। वह अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। चौहान ने इस दुख की घड़ी में अजय कुमार के परिजनों को दुख से उभरने की ताकत प्रदान करने की भगवान से प्रार्थना की है।